आईआईटी बीएचयू की छात्रा इंटर्नशिप के लिए बंगलूरू गई, वर्चुअल पेशी टली
आईआईटी बीएचयू की सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता छात्रा की वर्चुअल पेशी फास्ट ट्रैक कोर्ट में टल गई। छात्रा की ओर से कोर्ट में अर्जी दी गई है कि वह इंटर्नशिप के लिए बंगलूरू गई है। 31 जनवरी के बाद छात्रा वापस आएगी। अदालत ने छात्रा के साथ घटनास्थल पर मौजूद रहे उसके दोस्त को बयान के लिए तलब करते हुए सुनवाई की अगली तिथि आठ जनवरी नियत की है।
आईआईटी बीएचयू की बीटेक की छात्रा एक नवंबर की रात कैंपस में टहलने निकली थी। छात्रा के साथ उसका दोस्त भी था। उसी दौरान एक बाइक पर सवार कुणाल पांडेय, सक्षम पटेल और आनंद चौहान उर्फ अभिषेक चौहान ने उसके साथ दुष्कर्म किया था। तीनों उस दौरान भारतीय जनता पार्टी, महानगर की आईटी सेल के पदाधिकारी थे।
तीनों आरोपियों को लंका थाने की पुलिस ने 31 दिसंबर 2023 को गिरफ्तार किया था। फिलहाल इलाहाबाद हाईकोर्ट से तीनों जमानत पर जेल से बाहर हैं। उधर, एडीजीसी (फौजदारी) मनोज गुप्ता ने कहा है कि हमारा हरसंभव प्रयास यही है कि मामले की सुनवाई जल्द पूरी हो। पीड़िता को न्याय मिले। मगर, आरोपियों की ओर से प्रयास किया जाता है कि किसी न किसी तरह से सुनवाई में देरी हो।