Varanasi News: धार्मिक आस्था के केंद्र पिशाचमोचन कुंड पर हर वर्ष पितृपक्ष, त्योहारों और विशेष पूजा-अर्चना के दौरान भारी भीड़ उमड़ती है। ऐसे में भीड़ नियंत्रित करने और पार्किंग संकट से राहत के लिए निगम द्वारा महाश्मशान मणिकर्णिका घाट के समीप पार्किंग बनाने की योजना है।
वाराणसी नगर निगम ने महाश्मशान मणिकर्णिका घाट के समीप अनियंत्रित भीड़भाड़ को नियंत्रित करने और स्थानीय सब्जी मंडी को व्यवस्थित करने के लिए एक और टू-व्हीलर पार्किंग बनाने की तैयारी की है। इसे बनाने में 48.88 करोड़ रुपये खर्च होंगे। साथ ही शहर के महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों पर बुनियादी ढांचे को केवल मजबूत करने की योजना है। इसके तहत शहर की सबसे बड़ी समस्या, यानी यातायात और पार्किंग संकट को दूर करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
विज्ञापन
पर्यटकों के प्रमुख केंद्र सारनाथ में एक विशाल आधुनिक स्वचालित (स्लाइडिंग/पजल) पार्किंग स्थल का निर्माण कराया जाएगा, जो तकनीकी रूप से शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को रफ्तार देगा। धार्मिक आस्था के केंद्र पिशाचमोचन कुंड पर हर वर्ष पितृपक्ष, त्योहारों और विशेष पूजा-अर्चना के दौरान जुटने वाली भारी भीड़ को देखते हुए निगम यहां 2.34 करोड़ रुपये की लागत से शौचालय, शुद्ध पेयजल और ठहरने की बेहतर व्यवस्था करने जा रहा है।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि शहर के 15 प्रमुख चौराहों और तिराहों के सुंदरीकरण की शुरुआत मिंट हाउस और नदेसर तिराहे से हो चुकी है। पहले चरण में 3.10 करोड़ रुपये की लागत से कचहरी, पुलिस लाइन, सुंदरपुर, भिखारीपुर चौराहों का कायाकल्प किया जा चुका है।