फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Varanasi News: बिना इजाजत सड़क खोदने पर नगर निगम दर्ज कराएगा मुकदमा, शहर के बेहतर विकास पर हुई चर्चा

Fri, 20 Sep 2024 10:59 AM IST
प्रगति चंद अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

वाराणसी में मेयर की अध्यक्षता में शहर के बेहतर विकास पर चर्चा की गई। इस दौरान पहली बार सदन ने पीडब्ल्यूडी, बिजली, जल निगम और आरईएस के अधिकारियों को तलब किया।
विज्ञापन
वाराणसी नगर निगम सदन की बैठक - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

वाराणसी शहर के बेहतर विकास के लिए पहली बार नगर निगम सदन ने पीडब्ल्यूडी, बिजली, जल निगम और आरईएस के अधिकारियों को तलब किया है। गुरुवार को टाउनहॉल में मेयर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में छह घंटे चली सदन की बैठक में तय हुआ कि शहर में कोई भी सरकारी या गैर सरकारी एजेंसी बगैर अनुमति सड़क की खोदाई करेगी तो उसके खिलाफ नगर निगम की ओर से एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।

विज्ञापन


सदन की बैठक शुक्रवार की सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। शुक्रवार को फिर से सदन की बैठक होगी। सदन की बैठक सुबह सवा 12 बजे से शुरू हुई और शाम सवा 6 बजे तक चली। बैठक में पार्षदों ने प्रश्नकाल में अपने अपने वार्डों की समस्याएं गिनाईं। सड़क, सीवर, पेयजल, चौका रिसेटिंग, स्ट्रीट लाइट, साफ सफाई के मुद्दे पर पार्षदों ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पीके शर्मा, मुख्य अभियंता मोइनुद्दीन, परिवहन प्रभारी एके सक्सेना को घेरा।

सदन में कहा गया कि अक्सर यह देखा गया है कि नगर निगम की जानकारी के बगैर पीडब्ल्यूडी, बिजली, जलनिगम और आरईएस के लोग सड़क खोद देते हैं। इससे नगर निगम को काफी दिक्कतें झेलनी पड़ती हैं। इस पर मेयर ने दो टूक कहा कि सरकारी विभाग भी बगैर अनुमति के सड़क नहीं खोदेंगे।
विज्ञापन


इन विभागों को 24 घंटे में एनओसी दी जाएगी। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा से कहा कि कोई विभाग बगैर अनुमति के सड़क की खोदाई करें तो उस पर एफआईआर दर्ज कराएं। नगर आयुक्त ने पांच साल में आय बढ़ाने के विजन प्लान के बारे में बताया। पूर्व पार्षद सुजीत मौर्या और ओकास अंसारी के पिता के निधन पर शोक प्रस्ताव पार्षद मदन मोहन ने पढ़ा।

पार्षद की शिकायत पर राजस्व विभाग के बाबू हटाए गए

पार्षद चंद्रनाथ मुखर्जी ने राजस्व विभाग के बाबू जैनुद्दीन की शिकायत की। उन्होंने बताया कि एक कार्य के लिए उन्हें छह घंटे बैठाया गया। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि आम जनता का कार्य किस प्रकार होता होगा। इस पर मेयर ने उन्हें हटाने की जिम्मेदारी नगर आयुक्त को दी। नगर आयुक्त ने उन्हें हटा दिया।

पानी मिला नहीं, जलकल भेज रहा बिल
पार्षद हारून अंसारी ने अमृत योजना में शहर के भवनों में फ्री पानी कनेक्शन का सवाल उठाया। कहा कि 2019 में कनेक्शन दिया गया था। इन नलों में पानी आज तक नहीं आया, लेकिन जलकल की ओर से कनेक्शन चार्ज और बकाया जोड़कर बिल भेजा जा रहा है। जब पानी मिला नहीं तो बिल कैसे भेज रहे हैं। इस बिल को निरस्त करने की मांग की।

सदन को गलत सूचना देने पर होगी कार्रवाई
पार्षद मदन मोहन दूबे ने नगर निगम के पेट्रोल पंप बंद होने से आर्थिक नुकसान का सवाल उठाया। इस पर मेयर ने परिवहन प्रभारी से पूछा कि कितने कमीशन का नुकसान हो रहा है। इस पर उन्होंने 80 हजार रुपये के नुकसान के बारे में बताया। मेयर ने सही आंकड़ा बताने को कहा तो परिवहन प्रभारी ने 82688 का आंकड़ा बताया। इस पर मेयर ने कहा कि सदन को गलत सूचना देने पर कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र पर पार्षदों का रोष

जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र को लेकर अनावश्यक दौड़भाग कराने से परेशान पार्षदों ने जमकर विरोध किया। कहा कि अनावश्यक रूप से जोनल कार्यालय से मुख्यालय और मुख्यालय से जोनल कार्यालय दौड़ाया जा रहा है। इस प्रकार का कार्य बंद कर बेहतर रणनीति बनाकर जनता के प्रमाणपत्र आसानी से जारी करें।

बोलने का भरपूर मौका मिलने पर पहली बार महिला पार्षदों में दिखी खुशी
सदन की बैठक में मेयर ने महिला पार्षदों को भरपूर बोलने का मौका दिया। 10 से 15 मिनट का मौका देने के बाद भी ज्यादातर महिला पार्षद 5 मिनट बोलकर बैठ जा रहीं थीं। इस पर मेयर बोले बहनजी आपको जितना समय दिया गया है आप उतना बोलिए। इस प्रकार के माहौल के चलते महिला पार्षदों में खुशी झलकी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें