बीएच्यू पुलिस चौकी पर नवनियुक्त वीसी के गुमशुदगी की तहरीर देते एनएसयूआई कार्यकर्ता
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी में बीएचयू के नवनियुक्त कुलपति प्रो. सुधीर कुमार जैन द्वारा नियुक्त के सवा महीने बाद भी कार्यभार ग्रहण न करने पर एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने बीएचयू पुलिस चौकी पर गुमशुदगी की तहरीर दी। पुलिस तहरीर लेकर जांच में जुटी है। देर शाम तक प्रो. जैन के खिलाफ गुमशुदगी दर्ज नहीं हो पाई थी।
एनएसयूआई बीएचयू इकाई अध्यक्ष राणा रोहित के नेतृत्व में कार्यकर्ता बीएचयू चौकी पहुंचे। यहां उन्होंने चौकी प्रभारी को एक तहरीर देकर नवनियुक्त कुलपति के गुमशुदगी की आशंका जताते हुए रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है। राणा रोहित ने बताया कि प्रो. भटनागर का कार्यकाल मार्च महीने में ही पूरा हो गया था।
इसके बाद 13 नवंबर को आईआईटी गांधीनगर के निदेशक प्रो. सुधीर जैन की नियुक्ति कुलपति पद पर हुई। अब नियुक्ति में एक महीने से अधिक समय बीत गया लेकिन उन्होंने अब तक कार्यभार नहीं संभाला है। कार्यकर्ताओं ने पुलिस से गुमशुदगी दर्ज कर प्रो. सुधीर जैन को खोजने की मांग की है। इस दौरान चंदन, शिवगणेश, शिवा, कपिश्वर मिश्रा, उमेश यादव, ओम सिंह, लेखराज, शिवांग समेत अन्य छात्र मौजूद रहे।