वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के 42वें दीक्षांत समारोह की तैयारियां शुरू हो चुकी है। समारोह के मुख्य अतिथि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी सचिव प्रो. आशुतोष कुमार होंगे।
शुक्रवार को कुलपति प्रो. टीएन सिंह की अध्यक्षता में विश्वविद्यालय गेस्ट हाउस में दीक्षांत की 17 समितियों की तैयारी बैठक हुई। कुलपति ने बताया कि दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता कुलाधिपति व राज्यपाल आनंदी बेन पटेल करेंगी साथ ही विद्यार्थियों को पदक देंगी। इस अवसर पर एक स्मारिका का प्रकाशन होगा, जिसमें विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह संबंधी समस्त सूचनाएं एवं विशिष्टजनों के आलेख प्रकाशित होंगे। शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसमें विश्वविद्यालय के अलावा संबद्ध महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं प्रतिभागी होंगे। समारोह का आयोजन मानविकी संकाय के मैदान में ही होगा। जिसमें कोविड-19 के सभी प्रोटोकॉल का पालन किया जाएगा। यह जानकारी मीडिया समिति के अध्यक्ष एवं महामना मदन मोहन मालवीय पत्रकारिता संस्थान के निदेशक प्रो. ओम प्रकाश सिंह ने दी।