फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वाराणसी की खबरें: बाइक रोककर मैकेनिकों को पीटा, कांग्रेसी बोले- सेना के शौर्य के नाम पर फर्जी पास बांटना धोखा

Sun, 25 Oct 2026 12:51 PM IST
Aman Vishwakarma अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

वाराणसी के कैंट थाना क्षेत्र में बाइक रोककर मैकेनिक की पिटाई का मामला सामने आया। पुलिस जांच कर रही है। दूसरी ओर, कांग्रेसियों ने सेना के शौर्य के नाम पर फर्जी पास बांटने का आरोप लगाते हुए इसे जनता के साथ धोखा बताया। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विज्ञापन
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कैंट थाना क्षेत्र के नदेसर में एक फूड शॉप के पास 23 अक्तूबर की रात बाइक सवार दो मैकेनिकों के साथ मारपीट के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। पीड़ित अफजल और जुनैद निवासी चरण नगर कॉलोनी, नदेसर के अनुसार, वे गाड़ी का सामान लेने बाजार गए थे। आरोप है कि रात 8.30 से 9.15 बजे के बीच नशे में धुत कुछ अज्ञात लोगों ने बाइक रोककर गालीगलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने दोनों के साथ मारपीट की, जिससे उन्हें चोटें आईं। आरोप है कि हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकले। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

विज्ञापन


पांच दिन तक चलेगी ब्रेल पठन, लेखन कार्यशाला
बीएचयू के शिक्षा संकाय में ब्रेल पठन एवं लेखन, अभिविन्यास एवं गतिशीलता विषय पर पांच दिवसीय कार्यशाला का आयोजन 26 से 30 अक्तूबर तक किया गया है। कार्यशाला संयोजक डॉ. योगेंद्र पांडेय, डॉ.बिनीता ने बताया कि कार्यशाला के मुख्य अतिथि छात्र अधिष्ठाता प्रो.आरके सिंह होंगे। विशिष्ट अतिथि संयुक्त कुलसचिव, दिव्यांगता प्रकोष्ठ प्रो. संजय कुमार और अध्यक्षता शिक्षा संकाय प्रमुख प्रो. सुनील कुमार सिंह करेंगे। 

सेना के शौर्य के नाम पर फर्जी पास बांटना धोखा 
भारतीय वायुसेना के एयर शो के पास भाजपा के जनप्रतिनिधियों ने अपने फोटो लगाकर बांट दिए। इसे लेकर महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने शनिवार को कोतवाली थाने में तहरीर दी। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए प्राथमिकी दर्ज करने और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने को कहा। 
विज्ञापन


राघवेंद्र चौबे ने कहा कि भारतीय सेना के शौर्य, पराक्रम और गौरव के नाम पर किसी भी राजनीतिक दल या जनप्रतिनिधि की ओर से व्यक्तिगत प्रचार दुर्भाग्यपूर्ण है। सेना पूरे देश की है और उसका सम्मान किसी राजनीतिक दल की जागीर नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि एयर शो जैसे महत्वपूर्ण आयोजन में प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था के तहत पास जारी करने की व्यवस्था की गई थी। ऐसे आयोजनों में सुरक्षा मानकों का पालन करना और प्रवेश व्यवस्था को व्यवस्थित रखना प्रशासन की जिम्मेदारी होती है। 

Trending Videos

विदाई से लौटे युवक को पीटा, 4 पर प्राथमिकी
चौबेपुर के जाल्हूपुर क्षेत्र में भाई की पत्नी की विदाई कराकर लौट रहे एक युवक को रास्ते में रोककर मारपीट की गई। इस मामले में दो नामजद सहित चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई है। पीड़ित अमित यादव ने चौबेपुर थाने में तहरीर दी। तीन नामजद समेत चार लोगों पर मारपीट और जान से मारने की धमकी का आरोप लगाया। अमित ने पुलिस को बताया कि 20 अक्तूबर को वह जाल्हूपुर आया था। दोपहर 2.50 बजे लौटते समय मखन्चू यादव, कृष्णा पांडेय और दो अज्ञात लोगों ने उसकी गाड़ी रोकी। आरोप है कि उसे खींचकर दूसरी गाड़ी में बैठाया गया और पीटा गया। युवक को चोटें आईं। आरोपी उसे धमकी देकर रास्ते में उतारकर फरार हो गए। 

सफाईकर्मी की मौत, मारपीट का आरोप 
आदमपुर थाना क्षेत्र के गोलाघाट में शनिवार को सफाईकर्मी विनोद की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव घर के अंदर खून से लथपथ मिला। परिजनों ने अज्ञात लोगों पर मारपीट का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। विनोद के छोटे भाई राजा कुमार ने पुलिस को बताया कि विनोद के शरीर पर कई जगहों पर चोट के निशान थे। शुक्रवार रात कुछ अज्ञात लोगों ने विनोद के साथ मारपीट की थी। इसी मारपीट के कारण उसकी मौत हुई। आदमपुर थाना प्रभारी विमल मिश्रा ने बताया कि विनोद की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पोस्टमार्टम के लिए शव भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण पता चल पाएगा। पुलिस जांच कर रही है। 

शारीरिक शोषण के मामले में दो आरोपी बरी
विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट प्रथम) विकास श्रीवास्तव की अदालत ने नाबालिग से शारीरिक शोषण और अश्लील वीडियो बनाने के मामले में दो आरोपियों को साक्ष्य के अभाव में संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया। अभियोजन पक्ष के अनुसार, वह बुनकर मजदूर है और किसी तरह अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। उसकी बेटी कक्षा 10 की छात्रा थी। आरोप था कि आरोपी उसकी बेटी को अपने जन्मदिन पर होटल में ले गया। वहां नाश्ता कराने के नशीला पदार्थ पिलाया और दुराचार किया। 

बीएचयू में 1 नवंबर को लगेगा मेगा कैंप, योजनाओं का मिलेगा लाभ
आम लोगों तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए एक नवंबर को बीएचयू के स्वतंत्रता भवन में मेगा कैंप लगाया जाएगा। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर आयोजित इस कैंप में ज्यादा से ज्यादा पात्र लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की तैयारी है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव राजीव मुकुल पांडेय ने बताया कि जिला जज की अध्यक्षता में मेगा कैंप की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक हुई। इसमें अपर जिला जज आलोक कुमार ने न्यायिक, प्रशासनिक और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। 

उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिया कि मेगा कैंप के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। उन्होंने जनपद की सभी तहसीलों के तहसीलदारों और विकासखंडों के खंड विकास अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में मिनी कैंप आयोजित करने का निर्देश दिया। साथ ही पैरा लीगल वॉलंटियर्स के माध्यम से योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने को कहा, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग मेगा कैंप में पहुंचकर लाभान्वित हो सकें।

सीबीएसई : विलंब शुल्क के साथ 30 अक्तूबर तक जमा होगी नामावली
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की वर्ष 2027 की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों की नामावली (एलओसी) अब विलंब शुल्क के साथ 30 अक्तूबर तक जमा की जा सकेगी। 

विद्यालयों को छात्रों का डेटा अब निर्धारित समय में ऑनलाइन अपलोड करना होगा। नामावली में दर्ज डेटा में संशोधन 4 नवंबर तक किया जा सकेगा। इसके बाद समय सीमा नहीं बढ़ेगी। वाराणसी में इस बार 10वीं और 12वीं को मिला कर करीब 50 हजार छात्र बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे। पिछले बोर्ड परीक्षा में जिले के 55 केंद्रों पर 46,478 छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे। इनमें कक्षा 10 के 22,932 और कक्षा 12 के 23,546 परीक्षार्थी थे। 

इस लिहाज से आगामी परीक्षा में विद्यार्थियों की संख्या बढ़ने की संभावना है। हालांकि पिछली तीन वर्षों से संख्या घटती हुई ही देखी जा रही है। जिले में सीबीएसई से संबद्ध 166 विद्यालय हैं। पिछले वर्ष परीक्षा के लिए इनमें से 55 विद्यालयों को केंद्र बनाया गया था। परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों की संख्या बढ़ने के साथ ही विद्यालयों के सामने नामावली का विवरण समय से पूरा करने और उसमें त्रुटियों को दूर करने की जिम्मेदारी भी बढ़ गई है। 

विधि छात्रों को ड्राफ्टिंग कौशल के बारे में जानना होगा
बीएचयू के विधि संकाय में शनिवार को आयोजित व्याख्यान में सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रदीप राय ने छात्रों को वाद और कानूनी पेशे में सफल कॅरिअर के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि विधि के छात्रों को अदालत में अनुशासन, ड्राफ्टिंग कौशल के बारे में जानना होगा। विधि विभाग में पहुंचने पर विधि संकाय प्रमुख प्रो. प्रदीप कुमार सिंह सहित अन्य शिक्षकों, छात्रों ने स्वागत किया। सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रदीप राय ने मुकदमेबाजी/ वाद की व्यावहारिक वास्तविकताओं के बारे में जानकारी साझा की। प्रदीप राय ने छात्रों को अकादमिक अध्ययन और पेशेवर अभ्यास के बीच की खाई को पाटने के लिए व्यावहारिक दृष्टिकोण अपनाने की बात कही।  समन्वय डॉ. प्रभात कुमार साहा ने किया। धन्यवाद ज्ञापन प्रो. जेपी राय ने किया। 

युवाओं को नए विचारों को अपनाने पर देना होगा जोर
बीएचयू विज्ञान संस्थान के भौतिकी विभाग में हुए संवाद कार्यक्रम में बजाज जनरल इंश्योरेंस के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी तपन सिंघल ने विद्यार्थियों और शिक्षकों से संवाद कर वैज्ञानिक सोच, नवाचार, नेतृत्व पर बात की। सिंघल ने कहा कि असफलता वैज्ञानिक यात्रा का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने विद्यार्थियों को चुनौतियों का सामना करने, असफलताओं से सीखने और नए विचारों को आजमाने का साहस विकसित करने के लिए प्रेरित किया। 

कार्यक्रम में तपन सिंघल ने कहा कि विश्लेषणात्मक सोच और समस्याओं के समाधान की क्षमता विकसित करने में भौतिकी की भूमिका अहम है। उन्होंने भौतिकी को दुनिया को समझने और जटिल समस्याओं के समाधान का एक सशक्त आधार बताया। विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रो. संजय कुमार ने शैक्षणिक संस्थान की प्रगति और विकास में पूर्व विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण भूमिका बताई। 

कर्मचारियों ने जानीं वित्तीय प्रबंधन की बारीकियां
बीएचयू के क्षमता निर्माण प्रकोष्ठ की ओर से शनिवार को वित्तीय प्रबंधन और जवाबदेही विषय पर कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया गया। इसमें कुल 28 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। बीएचयू के आंतरिक लेखा परीक्षा अधिकारी उदय शंकर उपाध्याय ने प्रशिक्षण के दौरान वित्तीय प्रबंधन एवं जवाबदेही से जुड़ी जानकारी दी। साथ ही उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक प्रशिक्षण कार्यक्रमों का नियमित आयोजन करने का आह्वान किया।

एनसीसी कैडेटों को दी अग्निवीर भर्ती की जानकारी, सेना में जाने के लिए किया प्रेरित
भारतीय सेना में भर्ती होकर देश की सेवा करना युवाओं के लिए गर्व की बात है। युवाओं को सेना में कॅरिअर बनाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से 100 यूपी बटालियन एनसीसी के वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में अग्निवीर भर्ती योजना की जानकारी दी गई।

संत अतुलानंद कॉन्वेंट स्कूल में छावनी सेना भर्ती कार्यालय के स्टाफ ने कैडेटों को भर्ती प्रक्रिया और योग्यताओं के बारे में बताया। दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में सेना भर्ती कार्यालय के सूबेदार मेजर ने अग्निवीर भर्ती की पात्रता, चयन प्रक्रिया और आवेदन से जुड़ी जानकारियां साझा कीं। सेना में अधिकारी बनने के रास्तों के बारे में भी बताया। इस दौरान कैडेटों ने भर्ती से संबंधित सवाल पूछे, जिनका अधिकारियों ने जवाब देकर उनकी जिज्ञासाओं को दूर किया।

सूबेदार मेजर ने कहा कि भारतीय सेना में शामिल होना युवाओं के लिए गौरव की बात है। कैडेटों को सेना में भर्ती होने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में सेना भर्ती कार्यालय वाराणसी के स्टाफ, 100 यूपी बटालियन एनसीसी के पीआई स्टाफ, एएनओ और विभिन्न जनपदों से आए कैडेट मौजूद रहे। 

चुनौतियां स्वीकार कर समाधान खोजें युवा
अंतर विश्वविद्यालय अध्यापक शिक्षा केंद्र (आईयूसीटीई) में हुई राष्ट्रीय कार्यशाला में शिक्षा की चुनौतियों और समाधान पर चर्चा की गई। मुख्य वक्ता विज्ञान विहार विशाखापत्तनम के पूर्व प्राचार्य डी रामकृष्ण राव ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा के क्षेत्र की चुनौतियों को स्वीकार कर उसका समाधान खोजने पर ध्यान देने की जरूरत है। कार्यशाला में मुख्य वक्ता ने कहा कि दो प्रकार की चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। पहली मूलभूत चुनौतियां और दूसरी वर्तमान शैक्षिक जगत की चुनौतियां। हमें चुनौतियों के समाधान भी स्वयं ही खोजने होंगे। अध्यक्षता आईयूसीटीई के निदेशक प्रो. प्रेम नारायण सिंह ने की। प्रो. आशीष श्रीवास्तव ने विचार रखे। 

नैत्री गुप्ता ने कथक परंपरा को किया जीवंत
दीपिका कल्चरल सोसाइटी ऑफ इंडिया, छावनी परिषद और भारत पर्यटन के सहयोग से नेहरू पार्क कैंटोमेंट में वरुणा संध्या मनाई गई। इसमें शनिवार को दिल्ली की कथक नृत्यांगना नैत्री गुप्ता ने बनारस घराने की शास्त्रीय परंपरा को पेशकर सभी को आनंदित किया। उन्होंने एकल नृत्य से लयकारी और भक्ति-भाव का मनोहारी संगम दिखाया। नैत्री गुप्ता ने कथक की सशक्त अभिव्यंजना और साहित्यिक सौंदर्य को प्रस्तुत किया।  संचालन तनुज कुमार वर्मा तथा धन्यवाद ज्ञापन परिषद के अभियंता सचिन श्रीवास्तव ने किया। 

दिव्यांगों के उत्पाद होंगे प्रदर्शित
दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की ओर से मंडल स्तरीय दीपावली मेला लगेगा। इसमें दिव्यांगों के हाथों बनाए गए चित्रों, हस्तकला को प्रदर्शित किया जाएगा। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी राम प्रकाश सिंह ने बताया कि मेले में भाग लेने के लिए न्यूनतम दो वर्ष का अनुभव रखने वाली पंजीकृत व स्वैच्छिक संस्थाएं प्रस्ताव दे सकती हैं। वह संस्थाएं विकास भवन स्थित जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के कार्यालय से आवेदन पत्र प्राप्त कर सकती हैं। आवेदन 27 अक्तूबर तक जमा कर सकते हैं। मेला अगले माह लगेगा। 

उद्यमी राजेश अग्रवाल का कैंसर से निधन, दी श्रद्धांजलि
करखियांव एग्रो पार्क एसोसिएशन के संरक्षक और उद्यमी राजेश अग्रवाल के निधन पर शनिवार को श्रद्धांजलि सभा हुई। एग्रो पार्क परिसर के मुख्य द्वार का नाम उनके नाम पर रखने की घोषणा की गई। सभा करखियांव यूपीसीडा के प्रशासनिक भवन में हुई। राजेश अग्रवाल बीडी ग्रुप के अधिष्ठाता और पूर्वांचल के सबसे बड़े निवेशकों में से एक थे। 

उनका निधन 19 अक्तूबर को मुंबई के एक निजी अस्पताल में 65 की आयु में कैंसर के कारण हुआ था। वे एग्रो पार्क परिसर में आधा दर्जन फैक्टरी के मालिक थे। एग्रो पार्क वेलफेयर सोसायटी की ओर से सभा हुई। एग्रो पार्क के अध्यक्ष मनोज मद्धेशिया ने राजेश अग्रवाल के कृतित्व और व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला। 

उद्यमियों ने राजेश अग्रवाल के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। इसके बाद दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर कमल अग्रवाल, भरत केजरीवाल, शुभम अग्रवाल, मनीष लाठ, रवि गुप्ता, संतोष जायसवाल, बृजेश गुप्ता, राजेश सिंह, शंकर दयाल, आनंद जायसवाल, नितेश शाह, वीएन दुबे और रजनीश दीक्षित मौजूद थे।

सेल्स टैक्स बार एसोसिएशन का चुनाव स्थगित, 13 नवंबर को सुनवाई
बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश ने चेतगंज सेल्स टैक्स बार एसोसिएशन के सत्र 2026-27 के वार्षिक चुनाव को अग्रिम आदेश तक स्थगित कर दिया है। यह मतदान 30 अक्तूबर 2026 को होना था। एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन अशोक कुमार साकूजा के अनुसार, बार काउंसिल ने पूर्व आदेश को प्रभावी कर चुनाव स्थगित करने का निर्णय लिया है। यह आदेश बार एसोसिएशन के अधिवक्ता संजीव कुमार पाण्डेय के प्रत्यावेदन के आधार पर पारित हुआ। 

अधिवक्ता ने काउंसिल के सामने आपत्ति उठाई थी कि 1 अक्तूबर 2026 को पारित आदेश से पूर्व उन्हें सुनवाई का अवसर नहीं मिला था। प्रकरण के तथ्यों पर विचार कर बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष शिव किशोर गौड़ ने 1 अक्तूबर के आदेश को स्थगित कर मामले को पुनः सुनवाई के लिए नियत किया है। अब प्रकरण की सुनवाई 13 नवंबर 2026 को दोपहर 2:30 बजे बार काउंसिल प्रयागराज कार्यालय में होगी। 

दांतों के एक्स-रे से मिलेगी सही उम्र की जानकारी
आईएमएस बीएचयू के दंत चिकित्सा संकाय में आने वाले लोगों को अब दांतों का एक्स-रे कराने के बाद उनके सही उम्र की जानकारी मिल सकेगी। इसके लिए संकाय में नई मशीन पर जांच और इलाज की व्यवस्था शुरू हो गई है। शनिवार को संकाय में आयोजित कार्यशाला में विशेषज्ञों ने दांतों के एक्स-रे की विधि के बारे में विस्तार से चर्चा की। 

नेशनल एकेडमी ऑफ मेडिकल साइंसेज के सहयोग से आयोजित फाॅरेंसिक दंत चिकित्सा कार्यशाला में संकाय प्रमुख प्रो. अतुल भटनागर ने कहा कि दांतों का किसी व्यक्ति की आयु व उसकी पहचान करने में साक्ष्य के रूप में प्रयोग संभव हो गया है। 

सीबीसीटी और दांतों के एक्स-रे से संबंधित व्यक्ति के आयु की सही गणना की जा सकती है। बीएचयू कार्यकारिणी परिषद के सदस्य प्रो. यूपी शाही ने विचार रखे। निदेशक प्रो. एसएन संखवार, प्रो. जयासीलन अगस्टिन, डॉ. सुरेंद्रनाथ बसु रहे। कार्यक्रम संयोजक प्रो. टीपी चतुर्वेदी ने स्वागत किया। 

डॉ. नागेंद्र अध्यक्ष, चल्ला सुब्बाराव बने महामंत्री
केंद्रीय ब्राह्मण महासभा के प्रबंध समिति के निर्वाचित पदाधिकारियों की घोषणा कर दी गई है। छावनी स्थित होटल में चुने गए पदाधिकारियों को राज्यमंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु, पूर्व एमएलसी मणिशंकर पांडेय आदि ने बधाई दी है। डॉ. नागेंद्र प्रसाद द्विवेदी अध्यक्ष, सतीश चंद्र मिश्र वरिष्ठ उपाध्यक्ष (कार्यकारी अध्यक्ष), केदार तिवारी व कमल तिवारी उपाध्यक्ष, चल्ला सुब्बाराव शास्त्री महामंत्री, आशुतोष ओझा उर्फ दीपक संयुक्त मंत्री चुने गए। 

कार्यकारिणी सदस्यों में चल्ला वेंकट, यज्ञ दत्त तिवारी, आशीष ओझा, अभिषेक शर्मा, मणिशंकर पांडेय चुने गए। चुनाव अधिकारी अंजनी कुमार ने इसकी घोषणा की। संस्थापक सदस्य कर्नल रणजीत उपाध्याय, पं. बीपी मिश्रा, अनूप दुबे, राजीव झा, डॉ. पीसी शर्मा, पंकज तिवारी ने भी नए पदाधिकारियों को बधाई दी। वहीं, वाराणसी के पं. पंकज कुमार बाजपेयी को उत्तर प्रदेश का उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया है। 

प्रज्ञा पुराण कथा के लिए निकली कलश यात्रा
सिंधौरा के छताव गांव स्थित मां चंद्रिका देवी मंदिर में आयोजित पांच दिवसीय गायत्री महायज्ञ व प्रज्ञा पुराण कथा के पूर्व शनिवार को कलश यात्रा निकाली गई। 28 अक्तूबर तक कथा होगी। इस दौरान वेद मंत्रों से पूजन, कन्या संस्कार व दीपयज्ञ हुआ। शाम को शांति कुंज हरिद्वार की सुशीला देवी ने कहा कि व्यक्ति के संस्कारित होने से ही परिवार, समाज व देश का हित और समृद्धि होती है। इसके लिए सभी को धर्म के प्रति आस्थावान होना होगा। शोभायात्रा में महातीम सिंह, वंशलोचन वर्मा, संजय सिंह, संजय पटेल, रामकुमार मिश्रा, संजय राय, मुकेश सिंह, कैलाश मौर्य आदि रहे। 

डांडिया की धुन पर थिरकीं महिलाएं
मधुरिमा सत्संग की ओर सिगरा के चंदुआ छित्तूपुर स्थित एकता पार्क में डांडिया और गरबा हुआ। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजीं महिलाएं संगीत की धुनों पर डांडिया के उल्लास में डूबी रहीं। शुभारंभ सेवानिवृत्त अधिशासी अभियंता जेएन तिवारी ने मां दुर्गा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। महिलाओं ने उत्साह के साथ भागीदारी की। डांडिया और गरबा की धुनों पर महिलाओं ने नृत्य कर माहौल को उत्सवमय बना दिया। उत्सव में पूनम ओझा, माधुरी तिवारी, शिल्पी श्रीवास्तव, सुधा श्रीवास्तव, किरण श्रीवास्तव आदि रहीं। 

उलूक ध्वनि से महालक्ष्मी की आज करेंगे पूजा
काशी में रचे-बसे विभिन्न समाजों की भी अपने आराध्य व पूजा पद्धति भी अलग-अलग है। बंगीय समाज में सबसे प्रसिद्ध दुर्गा पूजा के बाद लक्ष्मी और काली पूजा का विधान है। शरद पूर्णिमा पर रविवार को कोजागरी लक्ष्मी पूजा होगी। शंखनाद और उलूक ध्वनि से मां की पूजा होगी। 50 से अधिक पंडालों में मां की बड़ी प्रतिमाएं बैठाई जाएंगी। रामकृष्ण मिशन में सबसे बड़ी साढ़े सात फीट की प्रतिमा बैठाई जाएगी। बंगीय समाज में दुर्गा पूजा के बाद मां काली और महालक्ष्मी की पूजा का विधान है। मूर्तिकार अभिजीत विश्वास ने बताया कि जिले में 50 से बड़ी लक्ष्मी जी की मूर्तियां बनी हंै, जो पंडालों में बैठाई जाएंगी। 

गणेश पीठ की स्थापना के साथ महालक्ष्मी महायज्ञ शुरू
शरद पूर्णिमा पर वेद पारायण केंद्रम न्यास की ओर से दो दिवसीय महालक्ष्मी महायज्ञ शनिवार को रवींद्रपुरी एक्सटेंशन में गणेश पीठ की स्थापना के साथ शुरू हुआ। आचार्य अशोक द्विवेदी के आचार्यत्व में वैदिक अनुष्ठान आरंभ हुए। न्यास के 44वें साल होने वाले इस आयोजन में रविवार को महायज्ञ के मुख्य अनुष्ठान होंगे। इसमें श्री यंत्र की स्थापना, पूजन, श्रीमंत्र जप, सहस्रार्चन और हवन होगा। 21 वैदिक विद्वान अनुष्ठान संपन्न कराएंगे। अनुष्ठान सुबह नौ बजे शुरू होगा और मध्यरात्रि तक चलेगा। आचार्य पं.  अशोक द्विवेदी ने बताया कि महायज्ञ के साथ शास्त्रीय संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियां होंगी। आर्या देशपांडे भरतनाट्यम प्रस्तुत करेंगी। मधुमिता भट्टाचार्य और रतन त्रिपाठी भक्ति संगीत पेश करेंगे।

भरत मिलाप की सजी नयनाभिराम झांकी, दर्शन कर भक्त हुए निहाल
अखाड़ा गोस्वामी तुलसीदास की प्रसिद्ध भरत मिलाप की लीला तुलसी घाट पर शनिवार को हुई। चारों भाइयों का मिलन देख हर किस किसी की आंखें नम हो गईं। शुक्रवार की देर रात भरत मिलाप की लीला देखने के लिए हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ रही। श्रद्धालुओं ने भाइयों के इस मिलन की नयनाभिराम झांकी के दर्शन किए। भदैनी में बने विशाल मंच पर चारों भाइयों ने श्रद्धालुओं को दर्शन दिए। 

इससे पूर्व लीला कमेटी से जुड़े और भदैनी के प्रतिष्ठित नागरिक विजय बहादुर सिंह के आवास पर राम दरबार सजा। प्रभु श्रीराम वानर सेना सहित विराजे। श्रद्धालुओं ने पूजन अर्चन कर आरती उतारी। भजन-कीर्तन से पूरा परिसर गुंजायमान रहा। लीला देखने संकटमोचन मंदिर के महंत प्रो. विश्वंभर नाथ मिश्र, पं. श्रीधर पांडेय, विजय बहादुर सिंह, विश्वनाथ यादव, श्याम बिहारी पांडेय, गोपेश चंद्र राय, प्रताप बहादुर सिंह, राजेश दीक्षित, अमृत प्रभात आदि पहुंचे थे। 

राजस्थानी ब्राह्मण मंडल की महिलाओं ने किया डांडिया, भक्ति गीतों से सजी शाम
शारदीय नवरात्र के समापन पर राजस्थानी ब्राह्मण मंडल ने शनिवार को महमूरगंज स्थित लाॅन में डांडिया और गीत-संगीत का कार्यक्रम हुआ। इस दौरान लोगों ने डांडिया खेला। मुख्य अतिथि डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। 

यथार्थ दुबे ने गणेश स्तुति और मेरा दिल भैया अब तेरा हो गया... गीत से सबका मन मोह लिया। डॉ. अमलेश शुक्ला ने नाम रे सबसे बड़ा तेरा नाम... गाया, जबकि लोक गायिका स्नेहा अवस्थी ने डांडिया और फिल्मी गीतों से सभी को झुमाया। संस्था के पदाधिकारियों ने कलाकारों व अतिथियों का स्वागत लजीज व्यंजनों, स्मृति चिह्न और पुष्पगुच्छ देकर किया। पंकज राय, वीरेंद्र वीर, विजय शाह और विवेक ने संगत की। 

डांडिया प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया। उधर, महिला जायसवाल सभा की ओर से सिगरा स्थित एक होटल में डांडिया की धूम रही। अध्यक्षता रीता जायसवाल ने की। संचालन सोनी जायसवाल ने किया। उत्सव में सत्या जायसवाल, आशा शिल्पी, ऋचा, माया, अनुप्रिया, प्रेमलता आदि मौजूद रहे।

16 महीने की व्याप्ति को मिला वर्ल्ड रिकॉर्ड का प्रमाणपत्र
16 महीने की उम्र में अलग-अलग वस्तुओं, अक्षरों, फलों, कीड़ों और ग्रहों की पहचान कर नाम बताने वाली काशी की व्याप्ति जायसवाल का नाम इंफ्लुएंसर बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज किया गया है। 21 अगस्त 2026 को जारी प्रमाणपत्र में उसकी शुरुआती सीखने, स्मरण करने, पहचान और संवाद क्षमता का उल्लेख करते हुए यह उपलब्धि दर्ज की गई है। 

छोटा लालपुर आजमगढ़ रोड के गजानन गिनी अपार्टमेंट निवासी गौरव जायसवाल और आकांक्षा जायसवाल की बेटी व्याप्ति जायसवाल का जन्म 19 मार्च 2025 को हुआ। प्रमाणपत्र के अनुसार, आठ अगस्त 2026 को 16 महीने की उम्र में व्याप्ति ने अलग-अलग वस्तुओं, अक्षरों, फलों, कीड़ों और ग्रहों की पहचान कर उनके नाम बताने और उनसे संबंधित जानकारी याद रखने की क्षमता प्रदर्शित की। 

प्रमाणपत्र में ए से जी तक के अक्षरों और उससे जुड़े शब्दों को पहचानने के ग्रहों की पहचान, तस्वीर देखकर प्रधानमंत्री की पहचान और जानवरों की परछाइयों को पहचानने की उनकी क्षमता का उल्लेख किया गया है। व्याप्ति शरीर के विभिन्न अंगों की पहचान करने के साथ करीब 10 बालगीत भी सुना सकती है। प्रमाणपत्र के अनुसार वह गायत्री मंत्र में भी सहभागिता करती है। 

दीपावली शिल्प मेले में विशेष छूट
चौकाघाट स्थित सांस्कृतिक संकुल परिसर के अर्बन हाट में लगा दिवाली शिल्प मेला अपने अंतिम सप्ताह में है। इस कारण मेले में खरीदारी के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है। मेले के संचालक गुफरान मालिक ने बताया कि अंतिम सप्ताह होने से विशेष छूट और किफायती दाम पर सामान उपलब्ध है। लोग इन छूट का खूब लाभ उठा रहे हैं। सर्दियों के मौसम के कारण कश्मीरी सदरी, शॉल और पश्मीना स्टोल की बिक्री अधिक है। 

कंबल, जैकेट और कश्मीरी मेवे भी खूब बिक रहे हैं। इस बार फर्नीचर अनुभाग मेले का मुख्य आकर्षण बना हुआ है। सागवान, शीशम और डिजाइनर लकड़ी के सोफा सेट, डाइनिंग टेबल और झूले पसंद किए जा रहे हैं। अलमारी की नई किस्में भी लोग अपने घरों के लिए खरीद रहे हैं। मेले में राजस्थान की लाख की चूड़ियां, सहारनपुर का फर्नीचर और भदोही के कालीन भी उपलब्ध हैं। खुर्जा की क्रॉकरी और लखनवी चिकनकारी के कुर्ते भी लोग खरीद रहे हैं।

प्रस्तुतियों में दिखी भारतीय संस्कृति की समृद्ध विरासत
वाराणसी। भू देवश्री चैरिटेबल ट्रस्ट और कलामोक्ष के संयुक्त तत्वावधान में भेलूपुर स्थित शारदोत्सव क्लब में सांस्कृतिक नृत्य एवं कला प्रस्तुति का आयोजन हुआ। कथक, ओडिसी, सितार और तबला वादन की प्रस्तुतियों के माध्यम से कलाकारों ने शास्त्रीय कला वसांस्कृतिक परंपरा की समृद्ध विरासत को मंच पर जीवंत किया।

मुख्य अतिथि भाजपा नेता सुनील यादव और विशिष्ट अतिथि पद्मश्री डॉ. मंगला कपूर व रति शंकर त्रिपाठी रहे। कथक कलाकार अक्षोभ्य भारद्वाज और कथक विदुषी शरण्या जैसलीन ने नृत्य प्रस्तुति दी, जबकि ओडिसी नृत्यांगना डॉ. कानन गोसावी ने अपनी प्रस्तुति से दर्शकों को प्रभावित किया। मंच पर इंद्राणी पॉल की पेंटिंग भी आकर्षण का केंद्र रही। ए. बद्री नारायण पंडित, पं. नरेंद्र मिश्रा की प्रस्तुतियां हुईं। कार्यक्रम में ट्रस्ट की अध्यक्ष देवश्री, कोषाध्यक्ष राजश्री, सचिव अर्चना पांडेय के अलावा डॉ. सुभाष चंद्रा, आशना, गर्विका, श्याम शुक्ला आदि मौजूद रहे। 
विज्ञापन

गोतिपुआ नृत्य से की आराधना 
स्पिक मैके की ओर से शनिवार को संत अतुलानंद कॉन्वेंट स्कूल में गोतिपुआ की प्रस्तुति हुई। पद्मश्री मंगुनीदास की टीम लीडर बटकृष्ण दास ने विद्यार्थियों को इस नृत्य शैली से रूबरू कराया। बाल कलाकारों में सौम्या रंजन दास, अभिमन्यु नायक, लबा मरांडी, गणेश मलिक, आमिर मलिक, राहुल डे और कुशना जेना ने प्रस्तुति दी। स्वागत स्कूल की निदेशिका वंदना सिंह ने किया। संचालन जितेंद्र पांडेय और धन्यवाद ज्ञापन प्रधानाचार्य नीलम सिंह ने किया। इस अवसर पर स्पिक मैके के संरक्षक उमेश सेठ, विभा सिंह, गुरुमीत कौर, आयुषी सिंह, तान्या सिंह, प्रमोद विश्वकर्मा, अमित गुप्ता आदि रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें