15 जुलाई से पहले पीएम के आगमन को लेकर महापौर ने सोमवार को अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने शहर में साफ-सफाई, विकास कार्यों आदि को कराने के लिए निर्देश दिए, वहीं उन्होंने निर्माण कार्य को भी जल्द से जल्द पूरा करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
15 जुलाई तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आने की संभावना है। इसको लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस आगमन को लेकर ही महापौर मृदुला जायसवाल सोमवार को अपने कार्यालय में निर्माण कार्यों से जुड़े सभी विभागों के अधिकारियों को बुलाकर बैठक कीं।
इसमें जल निगम के जीएम, सचिव, बिजली विभाग के अधिकारी, चीफ इंजीनियर, संयुक्त नगर आयुक्त सहित सभी अधिकारी उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि शहर की साफ सफाई की व्यवस्था, टूट-फूट का मरम्मत कार्य, सड़कों का निर्माण कार्य, सीवर की सफाई पेयजल की आपूर्ति की व्यवस्था सही कर ली जाए।
वहीं नगर निगम के बगल में बन रहे कन्वेंशन सेंटर रुद्राक्ष की जमीन को समतल करके उसे सही करने का निर्देश दिया। महापौर ने कहा कि इस समय सबसे अधिक शिकायतें शहर में सीवर ओवरफ्लो की आ रही हैं।
इसलिए इस समस्या को तत्काल दूर किया जाए। इस दौरान अगर साफ सफाई और कचरा उठान में कोई लापरवाही हुई तो बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
15 से पहले बुलाई जा सकती है वाराणसी सदन की बैठक
15 जुलाई से पहले नगर निगम के सदन की बैठक बुलाई जा सकती है। इसके लिए कांग्रेस के पार्षदों ने सोमवार को महापौर से मुलाकात की। पार्षदों ने बताया कि शहर का विकास जरूरी है। ऐसे में सदन की बैठक बुलाई जाए। इस पर महापौर ने जल्द ही तिथि तय करके 15 से पहले बैठक करने का आश्वासन दिया।
24 मार्च को नगर निगम के कार्यकारिणी सदस्यों के चुनाव के लिए आयोजित बैठक में हंगामा हो गया था। इस कारण बैठक स्थगित हो गई थी। इस हंगामे में महापौर के साथ हुए दुर्व्यवहार के 11 नामजद सहित 10 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्र्ज हुआ था।
इसके बाद से सदन की कोई बैठक नहीं हो पाई। इससे पूरा विकास कार्य प्रभावित हो गया है। इसको देखते हुए सोमवार को पार्र्षद गुलराना तबस्सुम, रमजान अली, अलीशा, तुफैल अंसारी, रेशमा परवीन, पूर्व पार्षद अनीसुर्रहमान अंसारी, असलम खां, साजिद अंसारी और भाजपा के डॉ. राजेश जायसवाल महापौर से मिलकर जल्द बैठक कराने पर चर्चा की।
इस दौरान पार्षदों ने कहा कि कार्यकारिणी सदस्यों का चुनाव न होने से विकास कार्य प्रभावित है। कोई पार्षद अपने मोहल्ले का चौका तक नहीं सही करवा सकता है। ऐसे में सदन की बैठक बहुत जरूरी हो गया है। महापौर मृदुला जायसवाल ने सभी पार्षदों को 15 जुर्लाई से पहले बैठक कराने का आश्वासन दिया।