Bus Accident In Varanasi: वाराणसी जिले के बीरभानपुर स्थित हनुमान मंदिर के सामने नेशनल हाईवे पर बृहस्पतिवार की सुबह प्रयागराज से महाकुंभ स्नान कर काशी आ रहे श्रद्धालुओं की तेज रफ्तार कार इलेक्ट्रिक बस के पीछे जा घुसी। हादसे में ससुर और दामाद की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल परिवार के तीन सदस्यों को राजातालाब थाने की पुलिस ने उपचार के लिए रोहनिया स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। आशंका जताई गई है कि चालक को झपकी आने की वजह से हादसा हुआ है।
बिहार के बेगूसराय के बछवाड़ा थाना क्षेत्र के चमथा, बरखुट गांव निवासी देवेंद्र प्रताप सिंह (90) और उनके दामाद शोहा सोनबरसा गांव निवासी अमरेंद्र सिंह (62) व बेटी विभा (56) और बेटे प्रवीण कुमार सिंह (60) व बहू सुषमा सिंह महाकुंभ स्नान के लिए प्रयागराज गए थे।
प्रयागराज से सभी बाबा विश्वनाथ के लिए काशी आ रहे थे। उनकी कार बीरभानपुर स्थित हनुमान मंदिर के सामने खड़ी इलेक्ट्रिक बस के पीछे घुस गई। पुलिस की मदद से बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले जाए जाने पर ससुर-दामाद को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल प्रवीण कुमार सिंह, सुषमा देवी और विभा को रोहनिया स्थित निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
घायल प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि अपने पिता देवेंद्र प्रताप सिंह, पत्नी सुषमा देवी, बहन विभा और जीजा अमरेंद्र के साथ कार से बाबा विश्वनाथ के दर्शन करने जा रहे थे। मगर, रास्ते में हादसा हो गया। उन्होंने बताया कि अमरेंद्र सिंह भाजपा के ब्लाक अध्यक्ष थे।