वाराणसी जिले में भारतीय जनता पार्टी के आठ विधायक, तीन एमएलसी, प्रदेश सरकार के तीन मंत्री हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष और मेयर भी भाजपा के हैं। इसके बावजूद इस बार के आम चुनाव में वाराणसी में मतदान का प्रतिशत घट गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के अजय राय के बीच जीत का अंतर कम हो गया। जबकि, इससे पहले वर्ष 2014 और 2019 के आम चुनाव में ऐसा नहीं था।
वर्ष 2014 के आम चुनाव में वाराणसी लोकसभा क्षेत्र में 58.35 प्रतिशत मतदान हुआ था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 5,81,022 मत पाकर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी आम आदमी पार्टी के अरविंद केजरीवाल को 3,71,784 वोटों से हराया था। वर्ष 2019 के आम चुनाव में वाराणसी लोकसभा क्षेत्र में 57.13 प्रतिशत मतदान हुआ था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 6,74,664 मत पाकर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सपा की शालिनी यादव को 4,79,505 वोट से चुनाव हराया था।