निशांत कुमार ने शिक्षा के क्षेत्र में आईआईटी, आईआईएम और ट्रिपल आईटी जैसे संस्थानों की स्थापना, शिक्षकों की नियुक्ति, छात्रवृत्ति, पोशाक और साइकिल योजना का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को उच्च शिक्षा हासिल करने का अवसर मिला है।
स्वास्थ्य सेवाओं पर उन्होंने कहा कि बिहार में अस्पतालों के निर्माण, चिकित्सकों की नियुक्ति, मुफ्त दवा और जांच की सुविधा तथा मेडिकल कॉलेजों के विस्तार पर ध्यान दिया गया है। महिला सशक्तिकरण के लिए पंचायतों और नगर निकायों में 50 प्रतिशत आरक्षण तथा सरकारी नौकरियों में महिलाओं को आरक्षण देने की व्यवस्था का भी जिक्र किया।
उन्होंने यूपी के कार्यकर्ताओं से इन योजनाओं और बिहार में हुए विकास कार्यों की जानकारी जनता तक पहुंचाने की अपील की। कहा कि गांव, प्रखंड, पंचायत और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना होगा। जदयू एनडीए के सहयोगी दल के रूप में 2027 के विधानसभा चुनाव में अपनी भूमिका को लेकर विचार-विमर्श कर रहा है। इस संबंध में पार्टी के वरिष्ठ नेता उचित समय पर निर्णय लेंगे।
नीतीश कुमार ने बदली बिहार की तस्वीर : संजय झा
जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं सांसद संजय झा ने कहा कि वर्ष 2005 के बाद नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार की दशा और दिशा बदलने का काम हुआ। उस समय राज्य में कानून-व्यवस्था, सड़क, बिजली, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं की स्थिति चुनौतीपूर्ण थी। नीतीश कुमार ने सुशासन, विकास और सामाजिक न्याय को प्राथमिकता देकर बिहार को नई पहचान दिलाई।
उन्होंने कहा कि हर घर बिजली, हर घर नल का जल, सड़क निर्माण, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में किए गए कार्यों से आम लोगों के जीवन में बदलाव आया। बिहार में छात्राओं को साइकिल, पोशाक और छात्रवृत्ति देने जैसी योजनाओं ने उनकी शिक्षा को नई दिशा दी।
संजय झा ने कहा कि नीतीश कुमार ने परिवारवाद से अलग रहकर लंबे समय तक सार्वजनिक जीवन में काम किया है। निशांत कुमार के राजनीति में आने से पार्टी को नई ऊर्जा और नई पीढ़ी का नेतृत्व मिला है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से निशांत कुमार को समर्थन और आशीर्वाद देने की अपील की। कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर पार्टी ने संगठनात्मक तैयारियां शुरू कर दी हैं।
बिहार का विकास मॉडल यूपी में लागू करने की मांग
बिहार सरकार के वरिष्ठ मंत्री एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी श्रवण कुमार ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में हुए विकास कार्य सुशासन और विकास का उदाहरण हैं। गरीबों, वंचितों, महिलाओं, किसानों और युवाओं के लिए चलाई गई योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचा है।
उन्होंने छात्राओं के लिए साइकिल, पोशाक, छात्रवृत्ति और प्रोत्साहन राशि की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में भी जदयू विकास, सुशासन और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर काम करना चाहता है। इसके लिए कार्यकर्ताओं को गांव-गांव जाकर जनता से संवाद स्थापित करना होगा।
बिहार सरकार के मंत्री मोहम्मद जमा खान ने कहा कि नीतीश कुमार ने सभी जातियों और समुदायों को साथ लेकर विकास की राजनीति की है। गरीब और वंचित समाज के बच्चों को बेहतर शिक्षा देने के लिए छात्रावास और आवासीय विद्यालयों का विस्तार किया गया है।