काशी विश्वनाथ कारिडोर के विकास कार्यों का निरीक्षण कर सीएम योगी (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला।
विकास कार्यों की रैंकिंग में वाराणसी ने पूरे प्रदेश में छठा स्थान प्राप्त किया है। कोरोना काल में पहली बार जारी हुई रैकिंग में बनारस ने पिछले बार के मुकाबले 25 पायदान की छलांग लगाई है। इस रैकिंग में वाराणसी से आगे क्रमवार बागपत, अंबेडकर नगर, लखनऊ, संत कबीरनगर और बाराबंकी हैं।
फरवरी 2020 में जारी हुई रैंकिंग में वाराणसी को 30वां स्थान मिला था। इसके बाद कोरोना संक्रमण के चलते लॉकडाउन के कारण रैकिंग बंद हो गई थी। शासनस्तर से नवंबर माह की रैंकिंग जारी की गई है। इसमें वाराणसी को 27 सूचकांकों में ए ग्रेडिंग तथा चार सूचकांकों में बी ग्रेडिग प्राप्त हुई है।
कानून व्यवस्था एवं विकास कार्यों के मूल्यांकन की माहवार रिपोर्टिंग और समीक्षा का प्रारूप निर्धारित किया गया है। प्रत्येक माह की प्रगति जनपद स्तर से कार्यक्रम कार्यान्वयन विभाग की बेवसाइट पर अपलोड कराई जाती है। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में प्रत्येक माह की 10 तारीख तक तथा मंडल स्तर पर मंडलायुक्त की अध्यक्षता में प्रत्येक माह की 15 तारीख तक इन कार्यों की समीक्षा की व्यवस्था निर्धारित है।
जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने बताया कि विकास कार्यों को तेजी से पूरा किए जाने से वाराणसी की रैंकिंग में सुधार हुआ है। इसमें और सुधार कराया जाएगा।