चार किमी का रोड शो पूरा करने में पीएम मोदी को तीन घंटे लगे
- फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार दूसरे दिन हुए रोड शो से काशी फिर भगवामय हो गई। शंख, डमरू, घंटा-घड़ियाल और ढोल-नगाड़े के साथ काशी की जनता ने पीएम मोदी का दूसरे दिन भी जोरदार स्वागत किया। छतों से घर की महिलाओं ने खूब पुष्प वर्षा की। रोड शो का नजारा उस समय अद्भुत हो गया, जब हुकुलगंज में मुस्लिम महिलाओं ने पीएम की आरती उतारी और उन्हें भगवा दुपट्टा, शॉल के साथ एक समर्थन पत्र दिया।
समर्थन पत्र में लिखा था कि 35 हजार मुस्लिम महिलाएं उनके साथ हैं। पुलिस लाइन से महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ तक चार किलोमीटर तक पीएम का रोड शो हुआ।
लोगों की भीड़ और उनमें पीएम को नजदीक से देखने का उत्साह इस बात से पता चलता है कि बाइक से मुख्य सड़क मार्ग के जरिए 20 मिनट के रास्ते को पूरा कर महात्मा गाधी काशी विद्यापीठ पहुंचने में पीएम मोदी को तीन घंटे लग गए। पीएम का वाहन साइकल से भी धीरे चल रहा था।
उत्तरी मुस्लिम बाहुल्य इलाके में पुलिस लाइन से पीएम के रोड शो की शुरुआत शाम 4:30 बजे हुई। रोड शो शुरू होने का पूर्व निर्धारित समय तीन बजे था। रोड शो शुरू होने के बाद पूरे रास्ते में अलग तरह का माहौल दिखा।
एक ओर काशी की जनता पीएम को निहार कर पर उन पर गेंदा-गुलाब की मालाएं और पंखुड़ियों को बरसा रहे थे तो वहीं पीएम जनता के प्यार के बदले उन्हीं मालाओं को उन्हीं के बीच उछाल रहे थे।
कई जगहों पर मशीन लगाकर गुलाब की पंखुड़ियों की बारिश पीएम पर की जा रही थी।
इन जगहों से होकर गुजरा रोड शो
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
- फोटो : अमर उजाला
पीएम मोदी ने रोड शो के मार्ग में पड़ने वाले सभी धर्मस्थलों पर शीश झुकाया। महापुरुषों की प्रतिमाओं को भी श्रद्धापूर्वक नमन किया। पीएम का रोड शो पुलिस लाइन से शुरू होकर पांडेयपुर, तुलसी विद्या निकेतन, चंद्रा रेजीडेंसी, हुकुलगंज, चौकाघाट, तेलियाबाग, आनंद मंदिर, पटेल धर्मशाला, सिंह मेडिकल चौराहा, मलदहिया चौराहा होते हुए महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में पहुंचकर जनसभा में बदल गया।