वाराणसी जिले में गंगा का रौद्र रूप दिखने लगा है। ऐसे में गंगा किनारे दुकान लगाने व वाले और आसपास रहने वालों के चेहरे पर चिंता की लकीरें दिख रही हैं। यहां गंगा का जलस्तर 36 घंटे में 2.63 मीटर बढ़ गया। पांच सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गंगा का जलस्तर बढ़ रहा है।
विज्ञापन
वहीं, दशाश्वमेध घाट के आरती स्थल के नजदीक गंगा की धारा पहुंच चुकी है। गंगा के जलस्तर में इसी रफ्तार से बढ़ोतरी हुई तो जल्द गंगा आरती का स्थल बदल जाएगा। फिलहाल, दशाश्वमेध घाट की 15 सीढ़ियां डूब चुकी हैं और आरती स्थल के पास पानी पहुंच चुका है।
केंद्रीय जल आयोग के अनुसार, मंगलवार शाम 6 बजे गंगा का जलस्तर बढ़कर 61.95 मीटर पर आ गया। जबकि सोमवार की सुबह 6 बजे तक जलस्तर 59.32 मीटर रिकॉर्ड किया गया था। हालांकि, ये चेतावनी बिंदु से 8.31 मीटर नीचे है।
अस्सी और सामनेघाट के सामने रेत के टीले का दो तिहाई हिस्सा गंगा में जलमग्न हो चुका है। तुलसीघाट के आगे की मिट्टी और रेत गंगा में डूब गई है और अस्सी के सामने भी मिट्टी का दो तिहाई जमाव कट गया है। भदैनी, जानकी, केदार, पंचगंगा, ललिता घाट, मान सिंह, दरभंगा घाट की सीढ़ियों तक पानी आ गया है।