सार
पड़ोसी युवक पर दुष्कर्म और अश्लील वीडियो बनाने का आरोप लगाया है। छात्रा के मुताबिक, वीडियो वायरल करने की धमकी देकर आरोपी दबाव बना रहा था। आरोप है कि युवक के शिक्षक पिता ने भी शिकायत करने पर धमकी दी। पुलिस ने पिता-पुत्र के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र की रहने वाली एक छात्रा ने पड़ोसी युवक और उसके शिक्षक पिता के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। छात्रा ने पुलिस को दी तहरीर में करीब दो वर्ष पुरानी घटना का उल्लेख करते हुए युवक पर शादी का झांसा देकर जबरन शारीरिक संबंध बनाने और अश्लील वीडियो तैयार करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
छात्रा के मुताबिक, वर्ष 2023-24 में वह कक्षा 11 में पढ़ती थी। कॉलेज जाते समय पड़ोसी युवक ने बाइक से स्कूल छोड़ने की बात कहकर उसे अपने साथ बैठाया। आरोप है कि युवक उसे वाराणसी स्थित अपने आवास पर ले गया, जहां उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए और उसका अश्लील वीडियो बना लिया। छात्रा का कहना है कि लोकलाज और सामाजिक दबाव के कारण उसने उस समय घटना की जानकारी किसी को नहीं दी।