वाराणसी शहर के चौकाघाट क्षेत्र के बेहद भीड़भाड़ वाले इलाके में शुक्रवार सुबह काली मंदिर के पास दिनदहाड़े बदमाशों की गोली का शिकार हुआ हिस्ट्रीशीटर अभिषेक सिंह उर्फ प्रिंस जरायम जगत में अभिषेक सिंह हनी के गिरोह के साथ शुरुआत की थी। इसके बाद अभिषेक वकालत करने के साथ ही अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त करने लगा था। अभिषेक के खिलाफ गंभीर आपराधिक आरोपों में 10 मुकदमे दर्ज हैं।
वारदात में गंभीर रूप से घायल और एक अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहा दीपक गौड़ के रीढ़ की हड्डी में गोली लगी है, जो पेट में धंस गई है और दोनों पैर सेंसलेस हो गए हैं। दीपक चंदौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र के आलू मिल निवासी है। पांच साल पहले प्रेम विवाह करके यह शिवपुर के नेपालीबाग में अकेले रहता है। पिता रामअवध का पांच साल पहले निधन हो चुका है। मां सुशीला देवी और भाई दिलीप एक साथ रहते हैं । भाई दिलीप चावल का कारोबारी है। अलीनगर पुलिस भाई को पूछताछ के लिए थाने ले गई है।
चौकाघाट में बदमाशों की गोली के शिकार हुए बाल्मीकि के परिजनों और स्थानीय लोगों ने जाम लगा दिया। परिजनों के अनुसार, बाल्मीकि दो लड़कियों और एक लड़के का पिता था। बाल्मीकि की हत्या के बाद अब उसकी बीबी और बच्चे किसके सहारे गुजर-बसर करेंगे। सभी आला अधिकारियों को मौके पर बुलाकर मुआवजे की मांग करने लगे। फिलहाल सड़क जाम है और प्रदर्शन जारी है।