वाराणसी के डीएम योगेश्वर राम मिश्र ने अर्दली बाजार स्थित एलटी कालेज परिसर में पूर्व माध्यमिक विद्यालय एवं प्राथमिक विद्यालय का बुधवार को निरीक्षण किया। विद्यालय में गंदगी देख उन्होंने गहरी नाराजगी जताई और बीएसए को साफ-सफाई कराने की हिदायत दी।
प्रभागीय वनाधिकारी से वार्ता कर परिसर में पौधरोपण कराने का निर्देश दिया। डीएम ने बताया कि सप्ताह में एक दिन कम से कम एक घंटा वह स्वयं बच्चों को पढ़ाएंगे।
विद्यालय की पेंटिंग कराने को भी कहा। बीएसए को निर्देशित किया कि विद्यालय में जिन चीजों की जरूरत है उसका बजट सीएसआर फं ड से दिलाने को कहा। विद्यालय को आदर्श विद्यालय बनाने को कहा।
विद्यालय में अपेक्षाकृत कम बच्चों के पंजीयन पर आश्चर्य जताया और क्षेत्र के अन्य बच्चों का दाखिला कराने के लिए अभियान चलाने का निर्देश दिया। बता दें कि डीएम ने एलटी कालेज परिसर के पूर्व माध्यमिक विद्यालय एवं प्राथमिक विद्यालय को मंगलवार को गोद लिया था।
इस पूर्व माध्यमिक विद्यालय में दो अध्यापक एवं एक शिक्षामित्र हैं जबकि प्राथमिक विद्यालय में कुल दो अध्यापक कार्यरत हैं। पूर्व माध्यमिक विद्यालय के कक्षा छह से आठ तक की कक्षाओं में कुल नौ तथा प्राथमिक विद्यालय में कक्षा एक से पांच तक की कक्षाओं में कुल 44 छात्र पंजीकृत हैं।