वाराणसी। जिले में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत लाभार्थी किसानों को क्रेडिट कार्ड संबंधी समस्या और उसके समाधान को लेकर जिलाधिकारी ने शनिवार को समीक्षा की। इस दौरान कृषि, पशुपालन, मत्स्य पालन, उद्यान विभाग और एमएसएमई द्वारा बैंकों को उपलब्ध कराए गए आवेदनों के लंबित होने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए एलडीएम को फटकार लगाई।
चेतावनी दी कि यदि 30 जून तक बैंकों की ओर से 100 प्रतिशत लोन नही स्वीकृत किया गया तो संबंधित बैंक अधिकारी के खिलाफ विभाग से लेकर शासन स्तर तक कड़ी कार्रवाई की जाएगी। किसानों के किसान क्रेडिट कार्ड किए जाने संबंधी बैठक में संबंधित विभाग के अधिकारी को निर्देशित किया कि वह बैंकों के अधिकारियों से मिलकर उन्हें सूची उपलब्ध कराएं और बैंकों द्वारा सरकारी योजनाओं में लापरवाही की जानकारी दें।
बैठक में उप निदेशक कृषि ने बताया कि पीएम किसान सम्मान निधि के तहत कुल 5818 किसान क्रेडिट कार्ड जारी किए जा चुके हैं और 52067 आवेदन पत्र बैंकों को उपलब्ध कराए गए हैं। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को मंगलवार तक सभी फार्म बैंकों में उपलब्ध कराने का निर्देश दिया और बताया कि बचे हुए 42 हजार फार्मो को अगले सप्ताह तक भरवाकर उसे बैंकों में भेजा जाए।
बैठक में बताया गया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत कुल 214100 लाभार्थियों को भुगतान हो रहा है और 48507 लाभार्थी की कार्यवाही और शेष है। जबकि 1517 लोगों का सत्यापन हो चुका है। उधर मत्स्य विभाग में कुल 82 फार्म में से 28 स्वीकृत होने की जानकारी दी गई। डीएम ने सेवापुरी ब्लाक में सभी लक्ष्यों को 30 जून तक पूरा कराने का निर्देश एसडीएम राजातालाब को दिया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी मधुसूदन हुलगी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।