डिजाइन तैयार, जल्द होगा कार्य शुरू, दिसंबर तक काम पूरा करने का लक्ष्य
- फोटो : अमर उजाला
डीजल रेल इंजन कारखाना (डीरेका) के हिस्से एक और बड़ी उपलब्धि आने जा रही है। वह देश का सबसे शक्तिशाली इलेक्ट्रिक इंजन तैयार करने जा रहा है। दो हाई हार्स पॉवर डीजल रेल इंजनों को जोड़कर इसका निर्माण किया जाएगा।
12 हजार हाई हार्स पॉवर क्षमता के इस इलेक्ट्रिक इंजन की डिजाइन तैयार कर ली गई है। रेलवे बोर्ड ने दिसंबर तक इसके निर्माण का लक्ष्य डीरेका को दिया है। विश्व में पहली बार कोई उत्पादन इकाई पुराने रेल इंजनों से बेहद शक्तिशाली इलेक्ट्रिक इंजन का निर्माण करने जा रही है।
रविवार को रेलवे बोर्ड के सदस्य (ट्रैक्शन) घनश्याम सिंह ने इस इंजन की निर्माण प्रक्रिया पर डीरेका के अधिकारियों के साथ मंत्रणा की। इसके लिए चरणबद्ध प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
डीरेका के अभियंताओं के मुताबिक पहले चार हजार हार्सपावर क्षमता वाले दो डीजल रेल इंजनों (डब्ल्यूडीजी4) में से प्रत्येक को छह हजार क्षमता के इलेक्ट्रिक इंजन में परिवर्तित किया जाएगा। फिर इन दोनों इलेक्ट्रिक इंजनों की क्षमता को संयुक्त कर उन्हें 12 हजार हाई हार्सपावर के एक रेल इंजन में परिवर्तित कर दिया जाएगा।