उन्होंने जनपदों के एआरटीओ, पुलिस अधिकारियों और संबंधित सड़क निर्माण एजेंसियों को निर्देशित किया कि 15 दिनों के भीतर ब्लैक स्पॉट स्थलों पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। मंडलायुक्त ने कहा कि परिवहन विभाग, पुलिस विभाग और शिक्षा विभाग के समन्वय से यह सुनिश्चित किया जाए कि बिना फिटनेस प्रमाणपत्र वाले स्कूल वाहन संचालित न हों।
निर्देश दिया गया कि परिवहन विभाग फिटनेस में अनुत्तीर्ण स्कूल वाहनों की थाना-वार सूची पुलिस विभाग को उपलब्ध कराएगा। यदि ऐसे वाहन संचालित पाए जाते हैं तो पुलिस विभाग उनकी जब्ती की कार्रवाई सुनिश्चित करेगा। मंडलायुक्त ने सरकार की हिट एंड रन योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक पीड़ितों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक दुर्घटना की जांच कर अज्ञात वाहन से जुड़े मामलों को आर्थिक सहायता दिलाने के लिए जिला सड़क सुरक्षा समिति को भेजा जाए।
उन्होंने योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए मंडल के सभी जनपदों में प्रमुख स्थानों और चौराहों पर फ्लेक्स लगाने के निर्देश भी दिए। अधिकारियों से कहा गया कि अधिक से अधिक गुड सेमेरिटन (राहवीरों) की पहचान कर उन्हें अनुग्रह राशि दिलाई जाए और सम्मानित किया जाए। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग और पुलिस विभाग को राहवीर योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए समन्वय स्थापित कर पात्र व्यक्तियों की पहचान, सत्यापन और समयबद्ध प्रोत्साहन राशि वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।