ऑक्सीजन समेत बच्चे को लेकर जाती महिला
- फोटो : अमर उजाला
जिला महिला अस्पताल कबीरचौरा के एमसीएच विंग से सोमवार को मां के साथ जिस नवजात को डॉक्टरों ने बीएचयू रेफर किया था, उसे 24 घंटे में वापस बुलाकर भर्ती करना पड़ा। फिलहाल मां और नवजात दोनों स्वस्थ हैं। मंगलवार को अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद सीएमओ ने महिला अस्पताल की एसआईसी से बात कर नाराजगी जताई। एसआईसी ने भी एमसीएच विंग के जिम्मेदार लोगों से जवाब मांगा है। कहा कि सारी सुविधा होते हुए भी महिला को बेवजह बीएचयू रेफर किया गया। यह गलत है। एमसीएच विंग में ममता की सोमवार सुबह डिलीवरी हुई थी।
नवजात को सांस लेने में तकलीफ थी, इसके बाद डॉक्टरों ने उसे बीएचयू रेफर कर दिया। एंबुलेंस आने के पहले ही एमसीएच विंग के लोगों ने महिला को नवजात के साथ बाहर निकाल दिया था। 45 मिनट तक महिला बेटे को व्हीलचेयर पर लेकर गेट के बाहर बैठी रही। उस समय बेटे को ऑक्सीजन भी लगाया गया था। महिला पहले बीएचयू जाने को तैयार नहीं थी, बाद में 102 नंबर की एंबुलेंस से किसी तरह बीएचयू गई। सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने एसआईसी डॉ. नीना वर्मा से बातचीत कर लापरवाही पर रोक लगाने को कहा।
महिला अस्पताल में भी नवजात बच्चों लिए एनआईसीयू है। जन्म के बाद गंभीर बच्चों को भर्ती कर इलाज की व्यवस्था है। इसके बाद भी महिला और नवजात को रेफर किया गया। यह घोर लापरवाही है। मामले में हॉस्पिटल प्रशासन से जवाब मांगा गया है। रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी। - डॉ. नीना वर्मा, प्रमुख अधीक्षक, महिला अस्पताल कबीरचौरा
पीपीपी मॉडल पर हेरिटेज मेडिकल कॉलेज करता है संचालन
सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि महिला अस्पताल परिसर में 100 बेड वाले एमसीएच विंग का संचालन पीपीपी मॉडल पर हेरिटेज इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (हिम्स) की ओर से किया जाता है। यहां मरीजों की निशुल्क जांच, इलाज की व्यवस्था है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से भुगतान भी किया जाता है।
इसे भी पढ़ें; वाराणसी जिला महिला अस्पताल: दो घंटे के नवजात को बाहर निकाला, उसे ऑक्सीजन लगाए गेट पर बैठी रही मां