पिंडरा। कैथौली निवासी इंद्रदेव तिवारी की पत्नी प्रीति तिवारी (28) ने बुधवार की रात फांसी लगा कर जान दे दी। सूचना पाकर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। घटना की वजह पारिवारिक कलह बताई गई है।
फूलपुर थाना के मझवा निवासी मदन उपाध्याय की पुत्री प्रीति की शादी 2009 में इंद्रदेव तिवारी के साथ हुई थी। परिजनों के अनुसार, विवाहिता की ससुराल वालों से कुछ बातों को लेकर किचकिच हो गई थी। इससे क्षुब्ध होकर बुधवार की रात नौ बजे अपने कमरे में पंखे के हुक में साड़ी के फंदे के सहारे वह लटक गई। खाना खाने के बाद जब पति कमरे में पहुंचा तो वह फंदे से लटकती मिली। इसके बाद परिजन पुलिस और मायके वालों को सूचना दिए। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। विवाहिता के पिता मदन ने बताया कि घटना के तीन घंटे बाद उन्हें सूचना दी गई। प्रीति के दो पुत्र और एक पुत्री है। पति खेती-किसानी का काम करता है। इंस्पेक्टर फूलपुर सनवर अली ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट होने के बाद तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।