सेवापुरी। रघुनाथपुर की दलित बस्ती के समीप शनिवार की भोर श्रमिकों को लेकर जा रही बस से भदोही की तरफ से आ रहा तेज रफ्तार ट्रक टकरा गया। हादसे में एक युवती समेत तीन श्रमिक घायल हो गए। घटना की जानकारी पाकर कपसेठी थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे। लगभग तीन घंटे के बाद दूसरी बस से सभी यात्रियों को भदोही रवाना किया गया।
मुंबई से श्रमिक स्पेशल ट्रेन श्रमिकों को लेकर कैंट स्टेशन पहुंची। कैंट स्टेशन से 42 श्रमिकों को लेकर बस भदोही के लिए रवाना हुयी। बस जब कपसेठी थाना के रघुनाथपुर की दलित बस्ती के पास पहुंची तो भदोही की तरफ से आ रहा तेज रफ्तार ट्रक टकरा गया। ट्रक और बस में टक्कर होते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गयी। बस में सवार एक श्रमिक ने 112 नंबर पर फोन किया। बात न होने पर उसने एसपी भदोही को हादसे की जानकारी दी। इसके बाद मौके पर पहुंची कपसेठी थाने की पुलिस ने सभी का हाल जाना। घायल अंजू गौतम (35) व उसके पति हंसराज गौतम (38) और सचिन कुमार जायसवाल (20) का पुलिस ने उपचार कराया। घायल अंजू व हंसराज बावन बीघा, सुरियावां, भदोही और सचिन बहुता, सुरियावां, भदोही के रहने वाले हैं। वहीं, हादसे के बाद बस चालक शौच करने के बहाने भाग निकला।