काशीवासियों के लिए जरूरी खबर है। यहां बिजली से संबंधित समस्याओं को लेकर 1912 पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। नगर निगम ने गृहकर के बकायेदारों को राहत देने के उद्देश्य से एकमुश्त समाधान योजना लागू की है।
वाराणसी जिले में बिजली निगम से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए अब परेशान होने की जरूरत नहीं है। नया कनेक्शन लेने, स्मार्ट मीटर संबंधी गड़बड़ी, गलत बिजली बिल के साथ ही सोलर संबंधी समस्याओं को लेकर 1912 पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
विज्ञापन
बिजली कटौती, लो वोल्टेज और अन्य बिजली संबंधी समस्याओं की भी शिकायत इस नंबर पर की जा सकती है। स्थानीय स्तर पर भिखारीपुर एमडी कार्यालय में 1912 का कंट्रोल रूम भी बनाया गया है। यहां आने वाली शिकायतों की निगरानी की जा रही है और संबंधित अधिकारियों को भेजकर समाधान कराया जा रहा है। उपभोक्ताओं को शिकायत दर्ज कराने के बाद उसकी स्थिति की जानकारी भी मिल सकती है।
निगम के चैटबॉट नंबर पर करें आवेदन
नगर निगम ने गृहकर (संपत्ति कर) के बकायेदारों को राहत देने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश शासन की एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) लागू की है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि आवेदन ऑनलाइन चैट बॉट नंबर 8601872601 पर किया जा सकता है। इस योजना के तहत 01 अप्रैल 2026 तक के बकाये कर पर लगने वाले ब्याज में शत-प्रतिशत (100 प्रतिशत) छूट प्रदान की जाएगी।