वाराणसी जिले में अस्पताल में निरीक्षण करने पहुंचे सीएमओ को खामियां मिली तो दो डॉक्टरों को नोटिस देकर जवाब मांगा, जबकि कर्मचारी का वेतन रोकने का निर्देश दिया।
मानसिक अस्पताल पांडेयपुर में सोमवार को दिव्यांग बोर्ड की बैठक में दिव्यांग प्रमाणपत्र बनवाए जाने के कामकाज का जायजा लेने पहुंचे सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी को खामियां मिली। यहां प्रमाणपत्र बनवाने वाले आवेदक अपने परिजनों के साथ बैठे रहे लेकिन कोई डॉक्टर, कर्मचारी नहीं पहुंचा था।
विज्ञापन
सीएमओ ने बताया कि सोमवार, बुधवार को मानसिक अस्पताल के दिव्यांग बोर्ड में जिला अस्पताल के डॉक्टरों, कर्मचारियों की ड्यूटी लगती है। पिछले कई दिनों से लापरवाही की शिकायत मिल रही थी। सोमवार को निरीक्षण के दौरान कोई डॉक्टर, कर्मचारी नहीं पहुंचा।
मानसिक अस्पताल में न पहुंचने वाले जिला अस्पताल के दो डॉक्टरों को नोटिस देकर सीएमओ ने जवाब मांगा है। इसके साथ ही एक कर्मचारी का वेतन रोकने का निर्देश भी दिया है। उधर, एक आवेदक के परिजन ने प्रमाणपत्र बनवाने के नाम पर एक कर्मचारी पर धन उगाही का आरोप लगाया।