वाराणसी। कोरोना के चलते हुए लाकडाउन से काशी के रेडीमेड कपड़ा कारोबार को बड़ा झटका लगा है। 250 करोड़ रुपए का कारोबार प्रभावित होने से कारोबारी परेशान हैं। अब छूट मिलने के बाद बाजार खुला है तो कारोबार नाममात्र ही रह गया है। दुकानों और शोरूम पर गिने-चुने ग्राहक आ रहे हैं। कारोबारियों को उम्मीद है कि आने वाली दीपावली तक बेहतर कारोबार होगा।
रेडीमेड कपड़ा कारोबारियों के अनुसार जिले में 50 बड़ी दुकानें और 200 होलसेलर के अलावा दो हजार फुटकर कारोबारी हैं। इनसे 60 हजार लोग जुड़े हुए हैं। कपड़ा कारोबार में पूर्वांचल के अन्य जिलों के बड़ी संख्या में खरीदार आते थे। जो इस समय बहुत कम आ रहे हैं। साल भर की कमाई करने वाला ईद, अक्षय तृतीया और गर्मी का सीजन चला गया। बनारस से रेडीमेड कपड़ा पूर्वांचल के अन्य जिलों में जाता है। बाहर के गिने-चुने दुकानदार आ रहे हैं। शादी के जो आर्डर मार्च में मिले थे वे सारे कैंसिल हो गए हैं। बीते 2 महीने से एक रुपए की कमाई नहीं हुई है। जबकि खर्चे सबके हुए। हफ्ते में 3 दिन दुकान खुल रही है दुकानदारों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में बेहतर कारोबार होगा।