देश की सांस्कृतिक राजधानी और पर्यटन के लिहाज से प्रमुख शहरों में शुमार वाराणसी के सिटी रेलवे स्टेशन का शीघ्र ही कायाकल्प होने वाला है। इस स्टेशन की और भी खूबियां आने वाले दिनों में दिखाई देगी। कई बदलाव देखने को मिलेंगे। सिटी रेलवे स्टेशन सेटेलाइट स्टेशन के तौर पर विकसित किया जा रहा है।
38.1 करोड़ रुपये की लागत से होने वाला कार्य 31 मार्च, 2019 तक पूरा किया जाना है। बता दें कि बनारस का यह ऐसा दूसरा स्टेशन होगा जो सेटेलाइट स्टेशन होगा। मंडुआडीह स्टेशन भी सेटेलाइट स्टेशन के तौर पर विकसित हो रहा है। पूर्वोत्तर रेलवे के सिटी रेलवे स्टेशन पर निर्माण कार्य शुरू हो चुका है।
प्लेटफार्म नंबर दो व तीन बनकर तैयार है। बुकिंग ऑफिस और वेटिंग हाल का विस्तार किया गया है। कैंट रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों का दबाव कम करने के उद़देश्य से मंडुवाडीह व सिटी रेलवे स्टेशन को सेटेलाइट स्टेशन बनाया जा रहा है।
दोनों स्टेशनों पर प्लेटफार्म और यात्री सुविधाओं में विस्तार किया जा रहा है। सिटी रेलवे स्टेशन पर 550 मीटर लंबा एक होम प्लेटफार्म, वाशेबल एप्रन, एक और फुट ओवरब्रिज, वाशिंग पिट, सिक लाइन, शेड और स्टैबलिंग लाइन बनाए जाने हैं।
नए प्लेटफार्मों पर बोगियों में पानी भरने की सुविधा भी होगी। इसके अलावा सिटी रेलवे स्टेशन पर रिटायरिंग रूम और डॉरमेट्री की सुविधा मिल सकेगी। अतिरिक्त बुकिंग काउंटर भी बनाए जाने हैं। कैंट और मंडुवाडीह रेलवे स्टेशन की तर्ज पर यहां वीआईपी लाउंज भी प्रस्तावित है। इसके अलावा एक पे एंड यूज टॉयलेट का भी निर्माण कराया जा रहा है।