वाराणसी। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने संकट मोचन मंदिर में दर्शन पूजन के साथ 1 घंटे बिताए। तीन दिनी पूर्वांचल दौरे पर वाराणसी आए पूर्व मुख्यमंत्री ने संकटमोचन मंदिर से सर्व समाज को साधा। जौनपुर में मुस्लिम और यादवों को साधा तो वाराणसी में संकट मोचन मंदिर के जरिए सवर्णों को साधा। यही नहीं संत रविदास मंदिर जाकर दलितों को भी वे साधेंगे।
संकटमोचन मंदिर में रात की आरती शुरू होने के पहले 7:10 पर भी मंदिर में प्रवेश किया। 8:10 पर बाहर निकले इस दौरान उन्होंने मंदिर में न केवल दर्शन पूजन किया बल्कि मंदिर के महंत प्रोफेसर विश्वंभर नाथ मिश्र के साथ बंद कमरे में मुलाकात की। इस दौरान मंदिर की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री को लंका दहन का फोटो और प्रसाद भेंट किया गया। यहां से शुक्रवार को मिर्जापुर के लिए रवाना होंगे।
मंदिर में आने से पूर्व पूर्व मुख्यमंत्री ने जौनपुर में कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया इसके बाद वहां से लौटते हुए शिवपुर से सांझा चूल्हा में पार्टी कार्यकर्ताओं और क्षेत्र की जनता से मुलाकात की। बाबतपुर से लेकर मंदिर तक चट्टी चौराहों पर पार्टी के कार्यकर्ता सपा का झंडा लिए खड़े थे। ढोल नगाड़े और पुष्प वर्षा के साथ अपने नेता का जोरदार स्वागत किया। एयरपोर्ट पर स्वागत करने वालों में जिलाध्यक्ष सुजीत यादव, महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा, पूर्व मंत्रियों में सुरेंद्र सिंह पटेल, मनोज राय धूपचंडी, ओपी सिंह, वरुण सिंह, कमल पटेल, जितेंद्र यादव, पूजा यादव, शालिनी यादव आदि शामिल रहे।
.....
अखिलेश यादव ने हनुमान जी से संकट कटे मिटे सब पीरा का लिया आशीर्वाद
अखिलेश यादव के साथ मंदिर के महंत पंडित विश्वंभर नाथ मिश्र की दो टेक्नोक्रेट के बीच हुई बातचीत सरीखे रही। इंजीनियरिंग की पढ़ाई में सीनियर और जूनियर रहे दोनों लोगों में वैसा ही भाव दिख। महंत ने बताया कि अखिलेश ने कहा कि हनुमान जी आशीर्वाद देते तो प्रदेश की सेवा करना चाहता हूं। इस पर उन्हें संकट कटे मिटे सब पीरा जपत निरंतर हनुमत बलबीरा का मंत्र दिया।
दर्शन पूजन के अलावा बनारस कैसे बदल रहा है, इस पर बातचीत हुई। अखाड़ों के रेसलर, पहलवान और कुछ लड़कियों से मुलाकात की। पहली बार अखिलेश मंदिर में आए थे। काफी प्रसन्नता जाहिर की। बनारस में हो रहे विकास कार्यों, गंगा के काम, वरुणा और असि के कामों के बारे में बातचीत की। वरुणा को गोमती रिवर फ्रंट की तर्ज पर डेवेलप करने पर चर्चा की। इसके अलावा कुछ व्यक्तिगत बात हुई। मैंने अखिलेश से कहा आपने बहुत अच्छा काम किया है। लेकिन आप काम की मार्केटिंग नहीं कर पाए। दूसरे लोग इसकी मार्केटिंग कर भुना लिए। अखिलेश ने बेरोजगारी, नौकरी आदि पर चिंता जाहिर की। लाकडाउन में हुए कामों पर भी चर्चा की।
.....
इनसेट
अखिलेश ने काशी में रखा कदम तो सपा ने लहराया परचम
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने काशी में कदम रखा तो उनकी पार्टी सपा ने परचम लहरा दिया। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के छात्र संघ चुनाव में समाजवादी छात्र सभा के प्रत्याशी विमलेश यादव अध्यक्ष पद पर घोषित किए गए। इसके बाद शहर में चर्चा शुरू हो गई कि अखिलेश यादव 3 दिन के पूर्वांचल दौरे पर हैं और काशी में उनके कदम पड़ते ही सपा ने महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के छात्र संघ चुनाव में अपना खाता खोल दिया है।