वाराणसी। अप्रेंटिस कर्मियों को रेलवे में समायोजित करने की मांग को लेकर रेलवे यूनियन आंदोलित है। अप्रेंटिसशिप पूरी होने के बावजूद अप्रेंटिस कर्मियों को रेलवे में भर्ती नहीं किए जाने और परीक्षा कराने से खफा नार्दन रेलवे मेंस यूनियन (एनआरएमयू) वाराणसी की तीनों शाखाओं के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को कैंट रेलवे स्टेशन पर विरोध प्रदर्शन किया।
आल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन व एनआरएमयू के महामंत्री शिव गोपाल मिश्रा के आह्वान पर एनआरएमयू लखनऊ मंडल के अध्यक्ष राजेश सिंह के नेतृत्व में भोजनावकाश के दौरान अप्रेंटिस युवाओं ने हक की आवाज को बुलंद किया गया। विभिन्न मांगों को लेकर कैंट स्टेशन निदेशक आनंद मोहन को एक पत्र भी सौंपा।
मंडल अध्यक्ष राजेश सिंह ने कहा कि अप्रेंटिस अभ्यर्थी जब अप्रेंटिसशिप पूर्ण कर चुके हैं तो उनकी रेलवे में सीधी भर्ती होनी चाहिए। विरोध प्रदर्शन में तीनों शाखाओं के शाखा मंत्री, शाखा अध्यक्ष सहित तमाम पदाधिकारी शामिल रहे।
डीएलडब्ल्यू मेंस यूनियन ने भी दिया धरना
वाराणसी। अप्रेंटिस कर्मियों को रेलवे में समायोजित करने की मांग को लेकर डीएलडब्ल्यू मेंस यूनियन के पदाधिकारियों व सदस्यों ने भी शुक्रवार को बरेका स्थित प्रशासनिक भवन के सामने धरना प्रदर्शन किया। वहीं रेल कर्मियों के विभिन्न लंबित मांगों के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। यूनियन के महामंत्री अरविंद श्रीवास्तव ने कहा की अप्रेंटिस कोर्स कर चुके युवाओं को रेल में समायोजित किया जाए। इस दौरान ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन के जोनल सेक्रेटरी डॉ प्रदीप शर्मा, अजय कुमार, रवि नारायण सिंह, अजीमुल हक, बीडी दुबे, नवीन सिन्हा, प्रदीप यादव, आदि रहे।