वाराणसी। प्रवासी श्रमिकों को अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराने को लेकर शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश रोजगार प्रोत्साहन योजना की शुरुआत की। इस दौरान शहर के चार लाभार्थियों को 2 करोड़ 22 लाख रुपये का ऋण चेक और दो प्रवासी श्रमिकों को नियुक्ति पत्र व दो कामगारों को टूल किट प्रदान किया गया।
कमिश्नरी सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए विभिन्न योजनाओं के तहत चार लाभार्थियों को बैंक व उद्योग अधिकारियों ने चेक प्रदान किया। जिसमें मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत श्रीनाथ जायसवाल को 18 लाख का चेक, यूजीईसीएल योजना के तहत मेसर्स प्रयाग क्ले को 160 लाख, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना के तहत कंप्यूटर सर्विस के लिए दीपक कुमार को 10 लाख, इमरजेंसी क्रेडिट लाइन गारंटी योजना के तहत वैष्णवी कंस्ट्रक्शन के दीपक सिंह को 5 लाख और आस्ट्स हाइब्रिड सीड्स के योगेश्वर तिवारी को 29 लाख 40 हजार का ऋण चेक सौंपा गया।
उपायुक्त उद्योग वीरेंद्र कुमार ने बताया कि इस दौरान रोजगार के लिए दो प्रवासी अंकित सिंह और रमेश पटेल को नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया। अन्य दो कामगारों को कुम्हार योजना के तहत टूल किट का वितरण किया गया। कार्यक्रम में एलडीएम मिथिलेश कुमार सिंह, सहायक उपायुक्त वीके वर्मा, लघु उद्योग भारती काशी प्रांत के अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।