मिशन शक्ति अभियान के जरिए आधी आबादी को सशक्त बनाने की मुहिम जारी है। मंगलवार को गणतंत्र दिवस के उत्सव पर भी इस मुहिम की झलक देखने को मिली। जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने सभी जनपद स्तरीय अधिकारियों को मिशन शक्ति अभियान के तहत विभिन्न प्रशासनिक पदों पर मेधावी बालिकाओं को एक दिन का सांकेतिक अधिकारी नियुक्त करने का आदेश दिया था।
इसके तहत जिले के सभी थानों में मेधावी छात्राओं द्वारा ध्वजारोहण किया गया। दशाश्वमेध थाने पर आस्था शर्मा, चौक थाने पर अंकिता अग्रवाल, लक्सा थाने पर संस्कृति शर्मा, जैतपुरा थाने पर ऋषिका, लंका थाने पर तूलिका, मडुवाडीह थाने पर संतारा पटेल, सिगरा थाने पर ज्योति सिंह, कैंट थाने पर साक्षी मसीह और कोतवाली थाने पर कृष्णु शर्मा ने ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के बाद छात्राओं का कहना था कि यह दिन उनके लिए यादगार रहेगा।