दानगंज क्षेत्र के नियार डीह में आयोजित अति प्राचीन रामलीला में गुरुवार को भरत मिलाप की लीला संपन्न हुई। रात में भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न के मिलन को देखने के लिए क्षेत्र के विभिन्न गांवों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। करीब चार घंटे की यात्रा के बाद भोर में तीन बजे चारों भाइयों का मिलन हुआ। इस दौरान पूरा क्षेत्र ‘श्रीरामचंद्र की जय’ के जयकारों से गूंज उठा।
भरत मिलाप के लिए भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और हनुमान, माता सीता के साथ रथ पर सवार होकर निकले। करीब एक किलोमीटर की यात्रा के दौरान जगह-जगह व्यवसायियों ने रथ रोककर भगवान की पूजा-अर्चना की। श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की।