विमान में बैठे रहे यात्री,नहीं मिली उड़ान की इजाजत
बाबतपुर। वाराणसी एयरपोर्ट पर एयर शो के रिहर्सल के कारण यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। एयर शो के रिहर्सल के चलते एटीसी (एयर ट्रैफिक कंट्रोल) से अनुमति न मिलने के कारण इंडिगो और एयर इंडिया एक्सप्रेस की दो उड़ानों को रोक दिया गया। विमानों में बोर्डिंग पूरी हो चुकी थी और यात्री अपनी सीटों पर बैठ चुके थे, लेकिन अनुमति न मिलने के कारण उन्हें वापस विमान से उतारकर टर्मिनल लौटना पड़ा। इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई 6044 जो वाराणसी से चेन्नई जाने वाली थी, इसमें 183 यात्री सवार हो चुके थे। ऐसे ही एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान आईएक्स 1810 वाराणसी से मुंबई जाने वाली थी। इसके यात्री भी विमान के भीतर अपनी सीटों पर बैठ चुके थे।
दोनों विमान उड़ान भरने के लिए पूरी तरह तैयार थे और एयरलाइंस द्वारा एटीसी से टेक-ऑफ की अनुमति मांगी गई थी। हालांकि, उस समय एयर शो के रिहर्सल का समय होने के कारण एटीसी ने विमानों को उड़ान भरने की अनुमति नहीं दी।
यात्रियों के लिए की गई जलपान की व्यवस्था
उड़ान में देरी और विमान से उतारे जाने के बाद यात्रियों को एयरपोर्ट के टर्मिनल में इंतजार करना पड़ रहा है। एयरलाइंस की ओर से यात्रियों की असुविधा को देखते हुए उन्हें नाश्ता और जलपान उपलब्ध कराया गया है। संबंधित एयरलाइंस के अनुसार, दोपहर 2 बजे एयर शो का रिहर्सल समाप्त होने के बाद एटीसी से हरी झंडी मिलते ही इन विमानों को उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
25 अक्तूबर तक प्रभावित रहेंगे ये विमान
- एयर इंडिया एक्सप्रेस के आईएक्स 2547, वाराणसी-मुंबई
- एयर इंडिया एक्सप्रेस के आईएक्स 1491, वाराणसी-बंगलूरू
- एयर इंडिया एक्सप्रेस के आईएक्स 1287, वाराणसी-दिल्ली
- इंडिगो के 6ई-504, वाराणसी-हैदराबाद
- इंडिगो के 6ई-6559, वाराणसी-बंगलूरू
- इंडिगो के 6ई-2321, वाराणसी-दिल्ली
- इंडिगो के 6ई-2590, वाराणसी-हिंडन
- एयर इंडिया एक्सप्रेस के आईएक्स 247, वाराणसी-शारजाह
- इंडिगो के 6ई-6884, वाराणसी-पुणे
- अकासा एयर के क्यूपी-1524, वाराणसी-बंगलूरू