अमृत मिशन के तहत लखनऊ, वाराणसी सहित कई शहरों में पेयजल व सीवरेज से जुड़ी 4 परियोजनाओं को स्टेट लेबल हाई पॉवर स्टियरिंग कमेटी ने मंजूरी दे ही है। इन चारों परियोजनाओं पर 562 करोड़, 15 लाख 58 हजार रुपये खर्च होंगे। इनमें काशी के ट्रांस वरूणा में 133 करोड़ रुपए पेयजल लाइन बिछाई जाएगी। मुख्य सचिव डॉ. अनूपचंद्र पांडेय की अध्यक्षता में गुरुवार को बैठक हुई।
बैठक में प्रमुख सचिव नगर विकास की ओर से रखे गए इन परियोजनाओं को मंजूरी दी गई। प्रमख सचिव ने बताया कि लखनऊ के अलावा वाराणसी में पेयजल आपूर्ति को और बेहतर करने के लिए शुरू की गई जल सम्पूर्ति योजना (ट्रांस वरुणा क्षेत्र) के तहत पाइप लाइन बिछाने के लिए 133 करोड़ 3 लाख 42 हजार रुपये की परियोजना को मंजूरी दी गई है।
मुगलसराय नगर पालिका परिषद क्षेत्र (चंदौली) के लिए प्रस्तावित 20 करोड़ 84 लाख 7 हजार की लागत की पेयजल पुनर्गठन योजना (फेज-2) को भी मंजूरी दी गई है। इसी तरह जौनपुर शहर में 302 करोड़ 83 लाख 44 हजार रुपये की लागत से सीवरेज परियोजना भी स्वीकृत कर दी गई है।
बैठक में मुख्य सचिव ने जल निगम को स्वीकृत की गई सभी परियोजनाओं को तय समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए हैं। जल निगम के कार्यों की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने कई मुद्दों पर नाराजगी भी जताई।
उन्होंने सख्त चेतावनी देते हुए कार्यशैली में सुधार न होने पर दंडित करने के भी निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा किसी भी स्तर पर परियोजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही सामने आई तो संबंधित अधिकारियों को दंडित किया जाएगा।