पुजारी ने युवक की गतिविधियां देख तुरंत शोर मचाया और उसे पकड़ लिया। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने भी आरोपी को पकड़ने में सहयोग किया और इसकी सूचना तत्काल चौबेपुर पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई।
मंदिर प्रबंधन का दावा है कि बीते कुछ दिनों में मंदिर से 50 से अधिक घंटे तथा करीब डेढ़ कुंतल पीतल के घंटे और अन्य चढ़ावा चोरी हो चुका है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। पकड़े गए युवक ने पूछताछ में अपना नाम दिनेश यादव निवासी डूढ़ूआ, थाना चौबेपुर बताया है।
चौबेपुर थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। यह भी जांच की जा रही है कि वह अकेले चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था या उसके साथ अन्य लोग भी शामिल थे। पुलिस पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं से भी उसका संबंध खंगाल रही है। साक्ष्यों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों ने मंदिर की सुरक्षा बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है।