मेड़बंदी के बाद कब्जे का आरोप, छह पर प्राथमिकी
चौबेपुर के अमौली गांव में राजस्व विभाग की मेड़बंदी के बाद खूंटा उखाड़ कर दोबारा जमीन पर कब्जा करने के आरोप में जिलाधिकारी के निर्देश पर पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। महेंद्र नारायण मौर्य के अनुसार, उपजिलाधिकारी के आदेश पर सीमांकन कराया गया था। 28 जून को राजस्व निरीक्षक ने पुलिस बल की मौजूदगी में खूंटे गड़वाए थे।
आरोप है कि रामजी मौर्य, गंगा मौर्य, गौरीशंकर विश्वकर्मा, रामभरोसा मौर्य, बबलू और रीता मौर्य ने खूंटे उखाड़ दिए और दोबारा जमीन पर कब्जा कर लिया। थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि तहरीर के आधार पर छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
जमीन विवाद में पीटा
शिवपुर में जमीन के विवाद को लेकर दलित युवक से जातिसूचक गालियां, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में न्यायालय के आदेश पर चार लोगों के खिलाफ पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। सूरज सोनकर ने आरोप लगाया कि लालपुर मीरापुर बसही में उनकी पुश्तैनी जमीन पर अरुण सिंह, गिरधारी पटेल, राजेंद्र और अजीत कब्जे के लिए बाउंड्रीवॉल बनवा रहा था।
27 अप्रैल को विरोध करने पर आरोपियों ने रास्ते में रोककर जातिसूचक शब्द कहे, पीटा और जान से मारने की धमकी दी। कार्रवाई न होने पर न्यायालय का रुख किया। विशेष न्यायाधीश (एससी/एसटी एक्ट) के आदेश के बाद प्राथमिकी दर्ज की। थाना प्रभारी अजीत वर्मा ने बताया कि जांच की जा रही है।