कोठरा के समीप कोहरे से आधा दर्जन वाहन एक दूसरे से भिड़े
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी-इलाहाबाद राजमार्ग पर बुधवार को घने कोहरे के बीच दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में आबकारी निरीक्षक समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया।
ऑफिस जा रहे आबकारी निरीक्षक की कार लालानगर टोल प्लाजा के समीप टैंकर से टकरा गई। घायल आबकारी निरीक्षक को बीएचयू ट्रामा सेंटर भेज दिया गया। वहीं औराई थानाक्षेत्र के कोठरा के समीप घने कोहरे में अनुबंधित बस से एक के बाद एक चार ट्रक जा भिड़े। इससे हाईवे पर लंबा जाम लग गया।
मिर्जापुर के चुनार निवासी रामकृष्ण (45) ज्ञानपुर आबकारी कार्यालय में निरीक्षक हैं। बुधवार सुबह वह कार से कार्यालय ड्यूटी पर आ रहे थे। लालानगर टोल प्लाजा के समीप टैंकर के ब्रेक लगाने से उनकी कार भिड़ गई। इससे वह बुरी तरह घायल हो गए।
वहां से ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर किया गया। इसी तरह कोहरे के चलते कोठरा गांव के समीप जीटी रोड पर अनुबंधित बस में चार ट्रक एक के बाद एक करके एक-दूसरे से भिड़ती चली गईं। इसमें शाकिर (45) निवासी गया बिहार, अल्ताफ निवासी मिर्जापुर और संजय (22) निवासी मिर्जापुर घायल हो गए।
एंबुलेंस से घायलों को औराई सीएचसी में भर्ती कराया गया। अचानक कई वाहनों के एक दूसरे में टकराने से आसपास अफरातफरी मच गई। संयोग था कि वाहनों की गति धीमी थी, अन्यथा कई लोगों की जान पर आफत आ जाती।
वाहनों के टकराने से उत्तरी लेन पर जाम लग गया। दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। एनएचएआई के क्रेन से वाहनों को हटाया गया, तब करीब एक घंटे बाद आवागमन बहाल हो सका।