श्वान सिया और सिम्बा के साथ सीआईएसएफ के सीनियर कमांडेंट अजय कुमार और एयरपोर्ट निदेशक आकाशदीप माथुर।
वाराणसी के बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर अब स्निफर डॉग सिया और सिम्बा को सुरक्षा की कमान सौंपी गई है। इससे पहले तैनात श्वान जिन्नी और जानी छह जुलाई को रिटायर हो चुके हैं। इसमें से जिन्नी की मौत सात जुलाई को हो गई। जिन्नी की तबीयत काफी वक्त से खराब चल रही थी। एयरपोर्ट निदेशक आकाशदीप माथुर ने इसी साल एयरपोर्ट पर गणतंत्र दिवस पर्व पर आयोजित कार्यक्रम में जिन्नी और जानी को सम्मानित किया था।
सिया और सिम्बा को वाराणसी एयरपोर्ट पर सीआईएसएफ टीम को सौंपा गया है। इन दोनों श्वान की ट्रेनिंग रांची में हुई है। वहीं सुरक्षा कमान का जिम्मा संभालने वाले सिया और सिम्बा के रहने की चाक चौबंद व्यवस्था की गई है। उनके लिए अलग से वातानुकूलित कमरा बनाया गया है।
बता दें कि फरवरी में कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाराणसी आई थीं। उस दौरान प्रियंका के एयरपोर्ट पहुंचने पर सुरक्षा में तैनात जानी उनके पास गया। जिसे प्रियंका ने काफी दुलारा था। इसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई थी।