भ्रष्टाचार पर कार्रवाई के दो रंग सामने आए हैं। चंदौली में जहां एआरटीओ (प्रवर्तन) आरएस यादव के खिलाफ 24 घंटे में शासन ने कार्रवाई कर दी और शनिवार की शाम उन्हें गिरफ्तार तक कर लिया गया, वहीं वरुणा के गुनाहगार खुलेआम घूम रहे हैं।
नदी किनारे नगर निगम की डेढ़ बीघा जमीन होटल कारोबारी के नाम विनिमय करने के मामले में अपर उप जिलाधिकारी सदर वसंत गुप्ता के विरुद्ध रिपोर्ट भेजे जाने के 10 दिन बाद भी अब तक ऐसी बड़ी कार्रवाई नहीं हो सकी है।
इसमें स्थानीय प्रशासन की नरमी बड़ी वजह है। अगर प्रशासन ने वसंत कुमार गुप्ता के खिलाफ कार्रवाई करने की संस्तुति करते हुए शासन को रिपोर्ट भेजी होती तो अब तक कार्रवाई हो गई होती।
चंदौली पुलिस और प्रशासन ने आरएस यादव के खिलाफ कार्रवाई करने की रिपोर्ट भेजी थी जिसका संज्ञान लेते हुए 48 घंटे के भीतर आरएस यादव को गिरफ्तार कर लिया गया।