512 स्थानों पर सज रहे पंडाल
शहर में जंगमबाड़ी, मछोदरी, लक्सा, सोनिया, भारत सेवा आश्रम, सिंधी बस्ती, शिवपुर, पांडेयपुर, लालपुर और जगतगंज समेत 512 स्थानों पर दुर्गा पूजा पंडाल बनाए जा रहे हैं। कई स्थानों पर पंडालों के आसपास बिजली के तार लटक रहे हैं तो कहीं जंक्शन बॉक्स खुले पड़े हैं। कुछ जगह सड़क पर खड़े ट्रॉली ट्रांसफार्मर भी श्रद्धालुओं के आवागमन में बाधा बन सकते हैं।
पंडालों में बड़ी संख्या में बिजली के उपकरण और सजावटी लाइटें लगाई जाती हैं। ऐसे में खुले जंक्शन बॉक्स, लटकते तार और अन्य खामियां सुरक्षा के लिहाज से गंभीर हो सकती हैं। बिजली निगम को पूजा शुरू होने से पहले इन कमियों को दूर करना होगा।
समितियां कर रहीं आवेदन
मुख्य अभियंता बिजली निगम अनिल वर्मा ने बताया कि पूजा पंडाल समितियों की ओर से अस्थायी बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन किए जा रहे हैं। पंडालों के आसपास मौजूद अन्य कमियों को भी ठीक कराया जा रहा है। दुर्गा पूजा शुरू होने से पहले सभी कमियों को दूर करने का प्रयास किया जाएगा।