अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज कर वंदना ने रचा इतिहास
भैरवतालाब (राजातालाब) स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया पीजी काॅलेज छात्रसंघ चुनाव में वंदना पटेल ने 123 वोट से जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया। यह पहला अवसर था जब इस पद पर कोई छात्रा ने जीत दर्ज की है। वंदना ने 461 मत पाकर माथुर पटेल को हराया।
कॉलेज में सुबह नौ बजे से दोपहर दो बजे तक चले मतदान में 1967 में से 1290 विद्यार्थियों ने गहमागहमी के बीच मतदान किया। इस दौरान प्रत्याशी और उनके समर्थक अंतिम समय तक वोट मांगते रहे। चुनाव अधिकारी डॉ. सुशीला राय ने बताया कि उपाध्यक्ष पद पर चंद्र प्रकाश सिंह ने अखिलेश पटेल को 330 वोट से हराया।
चंद्रप्रकाश को कुल 499 वोट मिले। उधर महामंत्री पद पर राकेश कुमार पटेल 672 मत पाकर विजयी हुए जबकि दूसरे नंबर पर रहे सर्वजीत कुमार को 424 वोट मिला। बताया कि पुस्तकालय मंत्री पद पर त्रिलोकी चंद्र वर्मा 824 मत पाकर विजयी हुए। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को प्राचार्य डॉ. जयनाथ राय ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।