घायलों में पांच वर्षीय अभी यादव पुत्र कल्लू यादव की हालत गंभीर होने पर उसे स्वरूप रानी अस्पताल, प्रयागराज भेजा गया। एंबुलेंस उपलब्ध न होने पर थानाध्यक्ष अमित कुमार पाण्डेय स्वयं सरकारी वाहन से बच्चे को लेकर प्रयागराज रवाना हुए। वहीं शिक्षिका संध्या यादव और छात्रा श्रेजा यादव की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया।
घायल बच्चों में श्रेजा यादव (11 वर्ष, कक्षा-4), अक्षरा यादव (10 वर्ष, कक्षा-3), अनन्या यादव (7 वर्ष, यूकेजी), सान्वी यादव (6 वर्ष, एलकेजी), सुहानी (13 वर्ष, कक्षा-6), उन्नति (13 वर्ष, कक्षा-7), आयुषी यादव (12 वर्ष, कक्षा-4) सहित अन्य बच्चे शामिल हैं। पुलिस के अनुसार सभी घायलों का उपचार कराया गया है।
हादसे के बाद अभिभावकों में भारी आक्रोश है। उनका आरोप है कि निजी विद्यालयों के वाहनों में न तो सुरक्षा मानकों का पालन किया जाता है और न ही निर्धारित क्षमता का ध्यान रखा जाता है, जिससे बच्चों की जान जोखिम में पड़ रही है।
थानाध्यक्ष अमित कुमार पाण्डेय ने बताया कि अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस वाहन की फिटनेस, क्षमता और दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।