सिरिस्ती की ग्राम प्रधान बनीं कुसुम देवी
- फोटो : अमर उजाला
त्रिस्तरीय पंचायतों में रिक्त पदों के लिए गत 12 जून को हुए उपचुनाव में मतों की गिनती आज सुबह आठ बजे से जारी है। वाराणसी के चिरईगांव ब्लॉक के सिरिस्ती ग्राम पंचायत की प्रधान कुसुम देवी निर्वाचित हुईं। वहीं, दानगंज चोलापुर ब्लॉक के ग्राम पंचायत छितमपुर में ग्राम प्रधान पद पर सपना सिंह निर्वाचित हुईं हैं। बाकी सीटों पर मतगणना जारी है।
सिरिस्ती ग्राम पंचायत में कुसुम देवी 990 मत पाकर विजयी घोषित की गयी। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी विंदू देवी को 755 मतों से पराजित किया। निर्वाचन अधिकारी सुभाष मौर्या ने विजयी प्रत्याशी कुसुम देवी को जीत का प्रमाण पत्र दिया। पिंडरा, चोलापुर और चिरईगांव में प्रधान के तीन पदों पर चुनाव होना है।
इसके अलावा चिरईगांव सेक्टर नंबर 4 में जिला पंचायत सदस्य के 1 पद और 7 ब्लॉकों में 207 ग्राम पंचायत सदस्य का चुनाव होना तय है। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी राजाराम वर्मा के अनुसार शाम तक सभी परिणाम जारी हो जाएंगे। सभी ब्लाकों में शांतिपूर्ण ढंग से मतगणना चल रही है।