एसएसपी नितिन तिवारी के निर्देश पर शुक्रवार को चार पहिया वाहनों से हूटर, लाल व नीली बत्ती, शीशे से काली फिल्म हटवाने का अभियान चलाया गया। आचार संहिता के उल्लंघन में पुलिस ने शुक्रवार को आईपी विजया चौराहे के पास सोनभद्र के बसपा विधायक की दो गाड़ियों से हूटर और काली फिल्म उतारी। विधायक के चालकों का चालान किया। कैंट विधायक ज्योत्सना श्रीवास्तव के बेटे सौरभ की गाड़ी से हूटर और पार्टी का झंडा, जौनपुर के भाजपा उपाध्यक्ष की गाड़ी से झंडा, हूटर व काली फिल्म उतारा गया। दोनों का चालान कर दिया गया। बस्ती जिले के सेल टैक्स के असिस्टेंट कमिश्नर की कार से नीली बत्ती उतार कर चालान किया गया।
सीओ भेलूपुर राजेश श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस ने 660 अन्य कारों एव बाइक का चालान कर 20 हजार शमन शुल्क वसूला। पुलिस ने शहर भर में बैनर और होर्डिंग्स भी उतरवाए। एसएसपी नितिन तिवारी के नेतृत्व में पुलिस ने वरुणा पार इलाके में अर्द्धसैनिक बलों के साथ रूट मार्च किया। उधर, आशापुर चौराहे पर बोर्ड लगवाने पर भाजपा नेता एवं पूर्व मंत्री राजकुमार गौतम के खिलाफ सारनाथ थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। जिले के सभी थाना क्षेत्रों में 1013 लाइसेंसी असलहों थानों में जमा चुके हैं।