डॉ. प्रियंका सिंह व राव प्रवीण सिंह
- फोटो : अमर उजाला
लोक सेवा चयन आयोग की प्रतियोगी परीक्षा का परिणाम शुक्रवार को घोषित हो गया। इसमें काशी के चार मेधावियों ने अपना परचम लहराया है। खास बात ये कि एक ही परिवार के भाई-बहन ने यूपीएससी में सफलता हासिल कर नई इबारत लिखी।
टकटकपुर के रहने वाले बहन भाई डॉ. प्रियंका सिंह व राव प्रवीण सिंह समेत मढ़ौली की रूपसी सिंह और बीएचयू के प्रोफेसर वीके मिश्र की बहू अनुकृति शर्मा ने सिर्फ अपने मां पिता और परिवार बल्कि काशी का भी मान बढ़ा दिया है।
हंसनगर कॉलोनी टकटकपुर निवासी प्रभु नारायण सिंह के घर गुरुवार को दोगुनी खुशी छाई हुई । इनकी बड़ी बेटी प्रियंका और छोटा बेटा प्रवीण सिंह ने यूपीएससी में कमाल किया है। बेटे ने 152वीं तो बेटी ने 309वीं रैंक हासिल की है।
रिजल्ट की घोषणा के बाद से ही इनमें घरों में बधाइयों का तांता लग गया। इंजीनियरिंग करने के बाद दूसरे प्रयास में प्रवीण सिंह ने 152वीं रैंक हासिल कर न सिर्फ अपना बल्कि परिवार को भी गौरवान्वित कर दिया है।
2014 में बीटेक पूरा करने के बाद किसी कंपनी में जॉब करने की बजाय उन्होंने सिविल सर्विसेज की तैयारी करनी शुरू की। अपनी इस सफलता से खुश प्रवीण सिंह कहते हैं कि मुझे आईपीएस मिलना तो तय है। जो लक्ष्य बनाया था, आज उसे पूरा कर लिया है। अपनी बहन को ही मैंने अपना आदर्श माना है।
उधर इनकी बड़ी बहन डॉ. प्रियंका पहले ही आईआरएस की ट्रेंनिंग में हैं। प्रियंका संत अतुलानंद स्कूल की 2005 की डिस्ट्रिक्ट टॉपर रही हैं। 2012 में उन्होंने मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस किया और फिर 2014 में एमडी।
डॉक्टरी में दिल नहीं लगा क्योंकि लक्ष्य सिविल सर्विसेज था। सिविल सर्विसेज की तैयारी में लगीं तो बीते साल यूपीएससी में 362 रैंक मिली। वर्तमान समय में डॉ. प्रियंका आईआरएस में ट्रेनिंग ले रही हैं।