आजमगढ़ में 27 केंद्रों पर 12000 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
आजमगढ़ जनपद में 27 केंद्रों पर रविवार को राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (पीसीएस प्रारंभिक) और सहायक वन संरक्षक/क्षेत्रीय वन अधिकारी सेवा (एसीएफ/आरएफओ प्रारंभिक) की परीक्षा होगी। एसपी सिटी मधुवन सिंह ने बताया कि प्रशासन की ओर से हर केंद्र पर एक दरोगा और चार पुलिस कर्मियों की तैनाती गई है। परीक्षा से डेढ़ घंटे पहले परीक्षार्थियों को केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। 45 मिनट पहले केंद्रों के गेट बंद हो जाएंगे।
आयोग की ओर से हर केंद्र पर जांच के लिए एजेंसी को जिम्मेदारी दी गई है। 27 केंद्रों पर 12000 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 9.30 बजे से 11.30 बजे तक होगी। दूसरी पाली की परीक्षा 2.30 बजे शुरू होगी। 4.30 बजे संपन्न होगी। परीक्षा केंद्रों पर बायोमेट्रिक सत्यापन एवं तलाशी के बाद ही अभ्यर्थियों को कक्ष में भेजा जाएगा। महिला और पुरुष अभ्यर्थियों की तलाशी के लिए महिला व पुरुष कांस्टेबलों की तैनाती की गई है।
इसके अलावा सीसीटीवी कैमरे के साथ ही एआई कैमरे से भी परीक्षार्थियों की निगरानी की जाएगी। बताया कि जनपद को तीन सर्किलों में बांटकर सीओ और थानाध्यक्ष को भी लगाया गया है। इस प्रकार पूरी परीक्षा के लिए 14 इंस्पेक्टर, 61 उपनिरीक्षक, 356 मुख्य आरक्षी और 57 महिला आरक्षी की ड्यूटी लगाई गई है। एडीएम प्रशासन राहुल विश्वकर्मा ने बताया कि परीक्षा की सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अभ्यर्थियों की जांच दो लेयर में होगी। एजेंसी के बाद पुलिस कर्मी भी अभ्यर्थियों की जांच करेंगे। इसके अलावा गेट से लेकर कमरे तक एआई कैमरे लगाए गए हैं।
भदोही में आठ केंद्रों पर पीसीएस-प्री परीक्षा में शामिल होंगे 3552 अभ्यर्थी
भदोही जिले में प्रवर अधीनस्थ सेवा और सहायक वन संरक्षक, क्षेत्रीय वन अधिकारी सेवा परीक्षा की तैयारियां शनिवार शाम तक पूरी कर ली गईं हैं। परीक्षा केंद्रों पर सिटिंग प्लान को अंतिम रूप दिया गया। जीआईसी, केएनपीजी कॉलेज समेत अन्य केंद्रों पर कक्ष निरीक्षकों को कर्तव्य बोध कराया गया। आठ केंद्रों पर होने वाली परीक्षा में कुल 3552 अभ्यर्थी शामिल होंगे। बायोमेट्रिक जांच के साथ एआई तकनीकी का भी इस्तेमाल किया जाएगा। केंद्र के बाहर सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम रहेगा।
जिले में 12 अक्तूबर को होने वाली परीक्षा के लिए आठ केंद्र बनाए हैं। इनके लिए दो केंद्र व्यवस्थापक हैं। इसमें एक सहायक केंद्र व्यवस्थापक बनाए गए हैं। इसके अलावा केंद्र की निगरानी और परीक्षा निष्पक्ष हो सके। इसके लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट नामित हो गए हैं। उन्हें परीक्षा के संबंध में जानकारी दी गई है। शनिवार शाम तक केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरा, पेयजल, शौचालय के साथ अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया गया।
जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान ने बताया कि परीक्षा की तैयारी पूरी कर ली गई है। परीक्षा का समय पहली पाली में 9ः30 बजे से 11ः30 बजे तक और दूसरी पाली में 2ः30 बजे से 4ः30 बजे तक होगा। आयोग की ओर से प्रतिबंधित सामग्री कोई भी अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र के अंदर लेकर न जाए, इसके लिए सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरा चालू रहेगा और उसी से कंट्राेल रूम के जरिये मॉनीटरिंग की जाएगी। अगर कहीं गड़बड़ी होती है तो तत्काल पकड़ लिया जाएगा। प्रश्नपत्र कोषागार के डबल लॉक से निर्धारित समय से सभी परीक्षा केंद्रों पर उपलब्ध कराए जाएंगे।
45 मिनट पहले बंद हो जाएगी एंट्री
जिले में रविवार को होने वाली पीसीएस-प्री परीक्षा दो पालियों में होगी। दोनों पालियों में परीक्षा शुरू होने से 45 मिनट पूर्व ही प्रवेश को रोक दिया जाएगा। पहली पाली में परीक्षा साढ़े नौ बजे से शुरू होगी। 8:45 बजे के बाद केंद्र के अंदर अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। आठ बजे से ही जांच के बाद केंद्र परिसर में प्रवेश मिलना शुरू हो जाएगा। इसी तरह दूसरी पाली में पौने एक बजे से ही प्रवेश रोक दिया जाएगा।
इन केंद्रों पर होगी परीक्षा
पीसीएस-प्री परीक्षा के लिए जिले में आठ केंद्र बनाए गए हैं। इनमें काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ज्ञानपुर में दो ब्लॉक, विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज, जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज ज्ञानपुर, काशीराज इंटर कॉलेज औराई, एमए समद इंटर कॉलेज भदोही, श्री इंद्र बहादुर सिंह नेशनल इंटर कॉलेज भदोही और ज्ञानदेवी बालिका इंटर कॉलेज भदोही शामिल हैं।
चंदौली में 12 केंद्रों पर 5208 अभ्यर्थी आज देंगे प्रारंभिक परीक्षा
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा-2025 के लिए चंदौली जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली है। रविवार को जिले के 12 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित परीक्षा में 5208 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा की प्रशासन ने सख्त सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था की है। इसके लिए 12 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 12 स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और उपकेंद्र व्यवस्थापक नियुक्त किए गए हैं। ये अधिकारी परीक्षा के दौरान केंद्रों का निरीक्षण करेंगे और किसी भी गड़बड़ी या अनुशासनहीनता पर तत्काल कार्रवाई करेंगे।
जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग ने परीक्षा से पहले सभी केंद्र व्यवस्थापकों और पर्यवेक्षकों के साथ बैठक कर दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी परीक्षा केंद्र पर मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, ब्लूटूथ या इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। परीक्षार्थियों को केवल प्रवेश पत्र और पारदर्शी बॉल पेन के साथ परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति होगी। सुरक्षा के लिए परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मी और महिला पुलिस कर्मी मौजूद रहेंगे। साथ ही परीक्षा केंद्रों के बाहर भी यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के निर्देश दिए गए हैं ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। परीक्षा के सफल संचालन के लिए कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है, जहां से सभी केंद्रों की निगरानी की जाएगी। जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि जिले में पीसीएस परीक्षा पूर्ण पारदर्शिता और शांति के माहौल में संपन्न हो, जिससे अभ्यर्थी बिना किसी बाधा के अपनी परीक्षा दे सकें।
बायोमीट्रिक व आइरिस स्कैनिंग के बाद मिलेगा परीक्षा कक्ष में प्रवेश
पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा में बायोमीट्रिक व आइरिस स्कैनिंग के बाद ही परीक्षार्थियों को एक बार कोड जारी किया जाएगा। यह बार कोड परीक्षार्थी के प्रवेश पत्र में चस्पा किया जाएगा। जिससे यह साफ होगा कि परीक्षार्थी का बायोमीट्रिक व आइरिस स्कैनिंग हो चुकी है। इसके बाद कक्ष निरीक्षक प्रवेश पत्र में बार कोड के स्टीकर को देखकर परीक्षार्थी को परीक्षा कक्ष में प्रवेश की अनुमति देंगे।
सोनभद्र में 4128 अभ्यर्थी देंगे एसीएस और आरएफओ की परीक्षा
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित सहायक वन संरक्षक (एसीएस) और क्षेत्रीय वन अधिकारी (आरएफओ) की परीक्षा रविवार को जिले में 10 केंद्रों पर होगी। सकुशल परीक्षा कराने के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई है। प्रत्येक केंद्र पर केंद्र व्यवस्थापक के अलावा एक-एक स्टेटिक व सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। डेढ़ घंटे पहले ही केंद्र पर पहुंचने के निर्देश दिए गए है। परीक्षा शुरू होने से 45 मिनट पहले ही प्रवेश बंद कर दिया जाएगा।
कुल 4128 अभ्यर्थियों की परीक्षा के लिए पांच राजकीय और पांच एडेड विद्यालयों को केंद्र बनाया गया है। दो केंद्र राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज चुर्क में हैं। इसके अलावा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, पं. दीनदयाल उपाध्याय मॉडल इंटर कॉलेज मुड़िलाडीह और रामगढ़ केंद्र हैं। इन्हें ए श्रेणी में रखा गया है। वहीं बी श्रेणी में राजा शारदा महेश इंटर कॉलेज, आदर्श इंटर कॉलेज, शहजादा साहब इंटर कॉलेज रामगढ़, चंद्रगुप्त मौर्य इंटर कॉलेज और गुरुद्वारा इंटर कॉलेज चोपन को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
तीन केंद्रों पर 380 परीक्षार्थी हैं, जबकि अन्य सात केंद्रों पर परीक्षार्थियों की संख्या 384 रखी गई है। डीआईओएस जयराम सिंह ने बताया कि सभी केंद्रों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट सहित सहायक कर्मचारी और आंतरिक निरीक्षक तैनात होंगे। परीक्षा के लिए 400 कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लगाई है। उनसे यह प्रमाण पत्र भी लिया गया है कि जिस केंद्र पर उनकी ड्यूटी है, वहां उनके परिवार या कोई रिश्तेदार परीक्षार्थी नहीं है। डीआईओएस ने बताया कि परीक्षा दो पालियों में होगी। प्रत्येक पाली में डेढ़ घंटे पहले ही अभ्यर्थियों को केंद्र पर उपस्थित होना होगा। बायोमेट्रिक मिलान, आइरिश स्कैन और गहन तलाशी के बाद ही केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा।