बनारस से बलिया तक एक ही सीधी बस चलने की वजह से यात्रियों के सामने बस बदलकर बलिया तक का सफर तय करना मजबूरी है। इसमें केवल समय ही नहीं बल्कि उन्हें जेब भी खाली करनी पड़ती है। आम तौर पर बलिया जाने के लिए लोगों को पहले बनारस से गाजीपुर और मऊ तक जाना पड़ता है। इसके बाद यहां से बस बदलकर बलिया यात्री जाते हैं।
बनारस से बलिया तक अगर ट्रेन का सफर करना है तो एक दो नहीं बल्कि 14 ट्रेनें चलती है। इसमें सबसे अधिक 11 ट्रेनें वाराणसी जंक्शन और तीन ट्रेनें वाराणसी सिटी से चलती हैं। सुबह 6.30 बजे से रात 11.35 बजे तक ट्रेन मिल जाएंगी लेकिन जिस तरह बस में जाने पर तुरंत बैठकर सफर करना आसान है, उस तरह ट्रेन में नहीं हो पाता है।
कोरोना संक्रमण के बाद रेलवे के नियम के अनुसार पहले से बुकिंग कराकर ही सफर किया जा सकता है। अगर बस नहीं है तो यात्री ट्रेन का सफर करना चाहते हैं तो उनके पास पहले से बुकिंग नहीं होती है। अब अगर रेलवे की ओर से कुछ ट्रेनों में साधारण टिकट बुकिंग सुविधा शुरू हो जाए तो राहत होगी।
क्षेत्रीय प्रबंधक (परिवहन निगम, वाराणसी परिक्षेत्र) केके तिवारी ने कहा कि बलिया तक केवल एक बस ही इस समय चल रही है। पहले से समय सारिणी भी यही है। यात्रियों की सुविधा के लिए कुछ और बसों के बलिया तक चलाए जाने का निर्णय लिया गया है। इस दिशा में कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने कहा कि यात्रियों की सुविधा के लिए बनारस से बलिया के लिए जल्द ही रोडवेज की दो बसें चलवाई जाएंगी। इसके लिए विभाग के संबंधित अधिकारियों को भी निर्देश जारी किया जाएगा, जिससे कि जल्द से जल्द लोगों को इसका लाभ मिल सके।
बनारस से विभिन्न मार्गों पर बसों के आने-जाने की स्थिति
बनारस से बलिया 1 बस
बनारस से प्रयागराज 135 बस
बनारस से आजमगढ़ 117 बस
बनारस से जौनपुर 97 बस
बनारस से गाजीपुर 60 बस
बनारस से सोनभद्र-शक्तिनगर 83 बस
बनारस से विंध्याचल 39 बस