मॉडल सड़क लहरतारा चौराहे से मंडुवाडीह, बरेका, सुंदरपुर, बीएचयू और रवींद्रपुरी तक तकरीबन 10 किलोमीटर की होगी। यह फोरलेन सड़क सुरक्षा नियमों के अनुसार बनेगी। इसके अलावा इस सड़क पर डस्टबिन रखे जाएंगे। अत्याधुनिक लाइटें होंगी। सड़क किनारे हरियाली के लिए पौधे लगाए जाएंगे। इस सड़क के पास ही रेहड़ी वालों के लिए भी जगह निर्धारित की जाएगी।
24 मीटर की फोरलेन में एक मीटर गहरा और एक मीटर चौड़ा सर्विस कॉरिडोर होगा। इसमें सभी प्रकार की सुविधाएं दी जाएंगी। इससे सड़कों की बार-बार खोदाई करने की नौबत नहीं आएगी। अब तक शहर में कोई ऐसी सड़क नहीं है इसमें सर्विस कॉरिडोर का प्रावधान किया गया है। भविष्य में इसके एवज में पीडब्ल्यूडी संबंधित एजेंसियों से किराया भी वसूल सकेगा।
पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता सुग्रीव राम ने कहा कि मॉडल सड़क का निर्माण कराया जाएगा। इस पर रेलिंग भी लगाई जाएगी और फुटपाथ भी होगा। खास बात यह होगी कि इस सड़क पर सर्विस कॉरिडोर का प्रावधान किया गया है। जो शहर की पहली मॉडल सड़क होगी, इसमें सर्विस कॉरिडोर की सुविधा दी जाएगी।