भाजपा नेताओं ने प्रधानमंत्री के खिलाफ टिप्पणी की निंदा की है। भाजपा के नेता, मंत्री और विधायकों ने रविवार को गुलाब बाग स्थित महानगर कार्यालय में पत्रकारों से बात की। क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहा कि राजनीति में एक मर्यादा होती है जो कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष भूल चुके हैं। उनके विचार, संस्कार भी अपराध में लिप्त रहने वाले हैं। महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने कहा कि राजनीति में आने के पहले अजय राय अपराधी थे। उनकी मानसिकता अब भी वही है।
प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि अभी हाल ही में कोलकाता में एक हत्या हुई है। इसमें अजय राय के मोहल्ले के एक लड़के का नाम सामने आया है। पूरे मामले की गहनता से जांच होनी चाहिए। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष आपराधिक संगठनों का संचालन करते हैं।
राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल ने कहा कि काशी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राम हैं, तो अजय राय रावण हैं। कांग्रेस नेता अब प्रधानमंत्री के खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग कर रहे हैं। प्रशासन को स्वत: संज्ञान लेकर इनके खिलाफ कठोर कार्रवाई करनी चाहिए।
राज्यमंत्री डॉ दयाशंकर मिश्र दयालु ने कहा कि अजय राय के खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इन मामलों में जांच करके कड़ी कार्रवाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए।
मेयर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री के खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग करना बनारस की पूरी जनता के खिलाफ अपशब्द बोलना है। भाजपा विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने मुकदमों का हवाला दिया और प्रभावी कार्रवाई की मांग रखी। विधायक डाॅ नीलकंठ तिवारी ने कहा कि ऐसा कोई आपराधिक मामला नहीं है जो कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष खिलाफ दर्ज न हो।
उन्होंने हर तरह का अपराध किया है। सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। एमएलसी धर्मेंद्र राय ने कहा कि सिर्फ पुलिस-प्रशासन से अपने आपको सुरक्षित रखने के लिए अजय राय राजनीति में हैं। जिन मामलों में मुकदमे दर्ज हैं उनमें कार्रवाई की जानी चाहिए।