यूपी में योगी सरकार आने के बाद से पुलिस का ऑपरेशन क्लीन जारी है। पुलिस हर रोज किसी न किसी अपराधी का एनकाउंटर रही है। पुलिस के ताबड़तोड़ एनकाउंटर से भयभीत 20 हजार रुपये के इनामी बदमाश और आजमगढ़ में आंतक का पर्याय शिवानंद चौबे ने थाने पहुंच कर सरेंडर कर दिया।
उसने मंगलवार को शहर कोतवाली में सरेंडर कर दिया। पुलिस उसके साथियों की तलाश में जुटी है। इन बदमाशों का आजमगढ़ के अलावा गोरखपुर और इलाहाबाद जिले में आतंक है। गोरखपुर पुलिस ने इस पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस ने बदमाश का चालान कर दिया है।
एसपी ग्रामीण नरेंद्र प्रताप सिंह के मुताबिक सरेंडर करने वाला शिवानंद चौबे पुत्र जयनाथ जहानगंज थाना क्षेत्र के कारिसात गांव का निवासी है। लुटेरों के की गिरोह का सक्रिय सदस्य था।
उसके गिरोह में गांव का पिंटू यादव पुत्र रामकिसुन, इसी थाने के मुस्तफाबाद गांव निवासी धर्मेंद्र यादव पुत्र अवधू, कादीपुर गांव निवासी रामानंद यादव पुत्र शेषनाथ और सरवन यादव शामिल है। ये सभी आजमगढ़ इलाहाबाद, वाराणसी और गोरखपुर के जिलों में लूट की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।
इन जिलों में इस गिरोह पर छह से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। गोरखपुर जिले की पुलिस ने शिवानंद पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
पुलिस द्वारा ताबड़तोड़ किए जा रहे एनकाउंटर से भयभीत शिवानंद चौबे ने मंगलवार को अपने परिवारवालों के साथ हाथ में तमंचा और कारतूस लेकर समर्पण कर दिया। एसपी ग्रामीण ने बताया कि शिवानंद के सरेंडर करने के बाद पुलिस ने उसका तमंचा और कारतूस बरामद कर चालान कर दिया।