वाराणसी में पार्षद टिकट वितरण से सपा कार्यकर्ता और वरिष्ठ नेता नाराज हैं। जिला संगठन और महानगर संगठन के लोग आमने सामने आ गए हैं। सपा नेताओं के बीच हुई नोकझोंक का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।
यूपी निकाय चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी ने रविवार रात वाराणसी नगर निगम के लिए 98 वार्डों से प्रत्याशी घोषित कर दिए। पार्षद टिकट वितरण को लेकर समाजवादी पार्टी में हंगामा हो गया है।
विज्ञापन
पार्षद पद के टिकट को लेकर सपा में घमासान मचा है। सपा नेताओं की आपसी बहस और तू-तूू मैं-मैं का वीडियो वायरल हुआ है।
इसमें महानगर अध्यक्ष दिलीप डे के साथ कार्यकर्ताओं की जमकर बहस दिख रही है। सपा नेता पूजा यादव, अशफाक डब्ल्यू सहित कई नेताओं से कहासुनी भी हुई। जिनका टिकट कटा उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं से पैसे लेकर टिकट दिए गए।
विधानसभा कैंट और उत्तरी के सैकड़ों कार्यकर्ता बीते रविवार की रात एक होटल में टिकट के लिए अपने नाम का इंतजार करते रहे। जब नाम सामने आया तो कई कार्यकर्ता नाराज हो गए। एक युवा कार्यकर्ता ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता को टिकट मिलेगा तो जी जान लगा देंगे।
यदि भाजपा के लोगों को टिकट दिया गया तो हम लोग बर्दाश्त नहीं करेंगे। कुछ लोग इस बात से भी नाराज रहे कि नामांकन के छह दिन बीतने के बाद भी पार्षद पद के उम्मीदवारों की सूची जारी नहीं की गई। होटल में बुलाकर टिकट देने पर कई लोगों ने आपत्ति दर्ज कराई है। ये भी पढ़ें:वाराणसी में BJP के अशोक, सपा के ओमप्रकाश समेत 8 उम्मीदवारों ने भरा मेयर पद का पर्चा
महानगर अध्यक्ष ने कहा कि संगठन और शीर्ष नेताओं से विचार विमर्श के बाद टिकट का वितरण हुआ है। सभी समीकरणों को ध्यान में रखकर टिकट बांटा गया है। जिलाध्यक्ष सुजीत यादव ने कहा कि संगठन ने आकलन के बाद ही टिकट बांटा है। किसी के साथ भेदभाव नहीं किया गया है।